बरेली। फरीदपुर कस्बे में शुक्रवार शाम भाजपा के दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के कार्यालय के सामने गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत फैल गई। बाइक से पहुंचे दो युवकों ने चाय की दुकान पर कहासुनी के बाद तमंचे से कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने से राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए दुकानों और वाहनों की आड़ में छिप गए। पुलिस ने विधायक कार्यालय प्रभारी अनिल राजपूत की तहरीर पर अमन अजमेरी और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला मिर्धान बकैनिया रोड निवासी अमन अजमेरी शुक्रवार देर शाम अपने एक साथी के साथ बाइक से विधायक कार्यालय के सामने मेन रोड पर स्थित चाय की दुकान पर पहुंचा था। यहां किसी व्यक्ति से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने तमंचा निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर विधायक कार्यालय से दिवंगत विधायक के पुत्र ईशान ग्वाल और गनर बाहर निकले। पुलिसकर्मियों को देखकर दोनों आरोपी बाइक से बरेली की ओर भाग निकले। कार्यालय प्रभारी अनिल राजपूत ने आरोप लगाया है कि बदमाशों ने उनकी ओर तमंचा तानकर गोलियां चलाईं। उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। तहरीर में विधायक पुत्र ईशान ग्वाल की सुरक्षा को लेकर भी खतरा जताया गया है।
अमन पर 20 से ज्यादा मुकदमे, हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अमन अजमेरी पर पहले से 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, चेन स्नेचिंग और छिनैती जैसे मामले शामिल बताए गए हैं। पिछले महीने ही उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई शुरू करते हुए फाइल जिला मुख्यालय भेजी जा चुकी है। घटना के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
फायरिंग के बाद जुटे भाजपाई, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर-बरेली क्षेत्र के एमएलसी कुंवर महाराज सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग विधायक कार्यालय पहुंच गए। एमएलसी ने फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी करने को कहा। उन्होंने बदमाशों के बढ़ते हौसले पर नाराजगी जताई। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मेन रोड की चाय की दुकान को लेकर भी शिकायत की। उनका कहना था कि दुकान देर रात करीब एक बजे तक खुली रहती है और फुटपाथ पर कुर्सियां डालकर लोगों को बैठाया जाता है। इससे सुरक्षा संबंधी समस्या पैदा होती है। उन्होंने फुटपाथ पर देर रात तक जमावड़ा रोकने की मांग की।
विधायक कार्यालय से घटना का सीधा संबंध नहीं
सीओ संदीप सिंह ने बताया कि घटना विधायक कार्यालय वाली गली के सामने मेन रोड के दूसरी ओर स्थित चाय की दुकान पर हुई है। इसका विधायक कार्यालय से सीधा संबंध नहीं है। कार्यालय प्रभारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।