बरेली। बरेली में बाइक चोरी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है, जो मास्टर चाबी से पलक झपकते ही मोटरसाइकिल उड़ा देता था। चोरी के बाद बाइक को सुनसान जगह पर छिपाया जाता और फिर उसका चेसिस नंबर मिटाकर पहचान बदल दी जाती थी। देवरनियां पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस टीम 21 अगस्त की रात कनमन-इटौआ रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस ने दोनों को रोककर बाइक की जांच की तो वह चोरी की निकली। पूछताछ में दोनों की पहचान रामपुर के फुरकान और शीशगढ़ के छोटे के रूप में हुई। बाइक चोरी की पुष्टि होते ही पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि चोरी की दूसरी मोटरसाइकिलें कनमन से इटौआ की तरफ पड़े एक पुराने ईंट भट्ठे के खंडहरनुमा मकान में छिपाकर रखी हैं। पुलिस दोनों को लेकर वहां पहुंची तो चार और चोरी की बाइक मिल गईं। इस तरह कुल पांच मोटरसाइकिल बरामद हुईं।

मास्टर चाबी से खोलते थे बाइक का लॉक

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास मास्टर चाबी रहती थी। इसी से वे अलग-अलग जगहों पर खड़ी मोटरसाइकिलों के लॉक खोलकर उन्हें चोरी कर लेते थे। चोरी की बाइक को बिना नंबर प्लेट के ले जाकर खंडहर में छिपाया जाता था। गिरोह का खेल यहीं खत्म नहीं होता था। पुलिस के मुताबिक गिरोह में शामिल शाने आलम मोटरसाइकिल मिस्त्री है। वह चोरी की बाइक का चेसिस नंबर मिटाकर उसकी पहचान बदलने में मदद करता था। इसके बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक को असली बताकर राह चलते लोगों को बेचने की कोशिश की जाती थी। जो बाइक नहीं बिकती, उसे काटकर कबाड़ में बेच दिया जाता था।

तीसरा साथी मिस्त्री, चोरी की बाइक से बनाया था ‘रिक्शा’

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह में शाने आलम मोटरसाइकिल मिस्त्री है। उसने चोरी की एक बाइक को अपने चलने के लिए रिक्शे जैसी शक्ल में मॉडिफाई कर रखा था। इसी पर चोरी की मोटरसाइकिलें लादकर खंडहर तक पहुंचाई जाती थीं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार फुरकान का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ रामपुर में चोरी, चोरी का माल रखने, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज और आयुध अधिनियम से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। छोटे के खिलाफ भी पहले मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पांच बाइक, मास्टर चाबी, मोबाइल और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोटरसाइकिल, पांच चाबियों के गुच्छे, मास्टर चाबी, एक मोबाइल फोन और 2110 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद बाइकों के असली मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में फुरकान पुत्र शब्बू खां निवासी शाहूकारा, बिलासपुर, रामपुर और छोटे पुत्र रफीउल्ला निवासी शेखूपुरा, शीशगढ़, बरेली शामिल हैं। पुलिस ने तीसरे आरोपी शाने आलम को भी मुकदमे में शामिल किया है और उसकी तलाश की जा रही है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *