मुरादाबाद। सड़क हादसों और यातायात अव्यवस्था पर लगाम कसने के लिए मुरादाबाद ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। एसएसपी के निर्देश पर जिलेभर में डम्पर और ट्रकों की सघन चेकिंग की गई। दो दिन चले इस अभियान में नियम तोड़ने वाले 138 भारी वाहनों के चालान किए गए और 12 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।
प्रेशर हॉर्न से लेकर ओवरस्पीडिंग तक पर कार्रवाई
यातायात पुलिस ने 17 और 18 मई को शहर के प्रमुख चौराहों, हाईवे और संवेदनशील मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्रेशर हॉर्न, ओवरस्पीडिंग, खतरनाक ड्राइविंग, गलत नंबर प्लेट और रिफ्लेक्टर की कमी जैसी खामियां सामने आईं। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किए।
दो दिन में वसूला गया 12 लाख से ज्यादा जुर्माना
पुलिस के मुताबिक 17 मई को 69 वाहनों के चालान कर करीब 5 लाख 44 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं 18 मई को भी 69 भारी वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 6 लाख 57 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस तरह दो दिनों में कुल 12 लाख 1 हजार रुपये की पेनल्टी लगाई गई।
ट्रांसपोर्टरों को पुलिस की सख्त चेतावनी
मुरादाबाद पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों को साफ चेतावनी दी है कि यातायात नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने कहा कि भारी वाहनों में अवैध प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल और तेज रफ्तार में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
हाईवे और शहर के एंट्री प्वाइंट पर बढ़ी निगरानी
यातायात पुलिस का कहना है कि भारी वाहनों की लापरवाही कई बार बड़े हादसों की वजह बनती है। इसी को देखते हुए हाईवे, शहर के प्रवेश मार्गों और व्यस्त चौराहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।