New Delhi: पश्चिम विहार स्थित गायक गुरु रंधावा से जुड़े जिम के बाहर हुई फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाबी एक्शन में दोनों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों से पूछताछ कर रही है।
पाकिस्तान में बने हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पाकिस्तान में निर्मित हथियार भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी हकीकत और सागर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में दोनों के संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित मॉड्यूल से सामने आए हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में गैंग के नेटवर्क और अन्य फरार आरोपियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
सूचना के आधार पर हुई घेराबंदी
दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी पश्चिम विहार इलाके में मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
11 जून को जिम के बाहर हुई थी फायरिंग
यह मामला 11 जून की सुबह करीब चार बजे पश्चिम विहार स्थित 24HS फिटनेस जिम के बाहर हुई फायरिंग से जुड़ा है। हमलावरों ने जिम के बाहर कई राउंड गोलियां चलाई थीं। घटनास्थल से सात खाली कारतूस बरामद किए गए थे। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
जांच के दौरान सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए गए अनिल पंडित ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। इससे पहले पुलिस इस मामले में अरमान और तुषार नाम के दो आरोपियों को बहादुरगढ़ से गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग की साजिश गैंग के निर्देश पर रची गई थी और अब पूरे नेटवर्क के साथ फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।