बरेली। लखनऊ अग्निकांड के बाद बरेली में भवन और अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर बीडीए की सख्ती लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। शनिवार को बीडीए, पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के नौ कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और जिम का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान गंभीर सुरक्षा खामियां मिलने पर छह संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि तीन अन्य को आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि करगैना-बदायूं रोड स्थित सत्यम पैलेस में संचालित सोमिक लाइव साइंसेज प्रा. लि. और वैदास क्लासेस, कृष्णा कॉम्प्लेक्स स्थित एक्सप्लोर लाइब्रेरी, सर्वोदय नगर कॉलोनी, सुभाषनगर स्थित अनंत ज्ञान लाइब्रेरी, करगैना-बदायूं रोड स्थित राजश्री लाइब्रेरी और एकता नगर स्टेडियम रोड स्थित माया एकेडमी ऑफ एडवांस सिनेमेटिक को भवन और अग्नि सुरक्षा मानकों की दृष्टि से अत्यंत असुरक्षित पाए जाने पर तत्काल सील कर दिया गया।
तीन संस्थानों को नोटिस
संयुक्त टीम ने सुभाषनगर-बदायूं रोड स्थित स्टडीज वेब क्लासेस एंड लाइब्रेरी, सर्वोदय नगर कॉलोनी स्थित एक्सप्लोर स्टडीज और एकता नगर स्टेडियम रोड स्थित ऑनिक्स फिटनेस जिम का भी निरीक्षण किया। इन संस्थानों से भवन का स्वीकृत मानचित्र और अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए इन्हें नोटिस जारी किया गया है। अभियान में मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा, बीडीए के कार्याधिकारी, सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग के अधिकारी शामिल रहे। टीम ने सभी संस्थानों में भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, आपातकालीन निकास व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता का गहन निरीक्षण किया।
सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए संयुक्त सघन अभियान लगातार जारी रहेगा। कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, जिम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।