up Newsबीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय

Bareilly News: 2017 बैच की आईएएस अधिकारी सौम्या पांडेय ने शनिवार को बीडीए उपाध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया। पद संभालते ही उन्होंने विकास कार्यों को गति देने और अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शहर में अवैध कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में बुलडोजर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

कानपुर में अपर श्रमायुक्त के पद पर कार्यरत रहीं सौम्या पांडेय को आरएफसी बरेली का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने बीडीए कार्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्राधिकरण की योजनाओं व विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।

अवैध कॉलोनियों पर चलेगा बुलडोजर

नई वीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाली परियोजनाएं, जिनमें रामायण वाटिका और विभिन्न टाउनशिप परियोजनाएं शामिल हैं, उन्हें तय समयसीमा में पूरा कराया जाएगा। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चल रही योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और उन्हें समय से पहले पूरा करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। सौम्या पांडेय ने अवैध कॉलोनियों के कारोबार में लिप्त भू-माफियाओं को भी कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे ताकि शहर का विकास नियोजित और व्यवस्थित तरीके से हो सके।

0

अभिलेख कक्ष का किया निरीक्षण, योजनाओं की देखी रिपोर्ट

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने बीडीए के अभिलेख कक्ष का भी निरीक्षण किया और विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट देखी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप किए जाएं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बरेली का सुनियोजित विकास, बेहतर आधारभूत ढांचा और नागरिक सुविधाओं का विस्तार है। नई वीसी के तेवरों से साफ है कि आने वाले दिनों में बीडीए विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के साथ-साथ अवैध निर्माणों और भू-माफियाओं पर भी सख्त कार्रवाई करता नजर आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *