बरेली। पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घर के अंदर रखे दो गैस सिलेंडरों को खोलकर युवक ने आत्मदाह करने की धमकी दे दी। इसके बाद दरवाजा बंद कर खुद को घर में कैद कर लिया। गैस फैलने और बड़े हादसे की आशंका से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली।
मामला किला थाना क्षेत्र के स्वाले नगर नवदिया का है। यहां रहने वाला 28 वर्षीय शहादत हुसैन पुत्र स्वर्गीय मुन्ने हुसैन घर पर महिलाओं के कपड़े सिलने का काम करता है। करीब छह महीने पहले उसका निकाह इज्जतनगर निवासी अजरा से हुआ था। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। शहादत के चचेरे भाई आरिफ ने बताया कि करीब 20 दिन पहले भी उसने सिलेंडर में आग लगाने की धमकी दी थी। सात दिन पहले इज्जतनगर थाने में समझौता होने के बाद पत्नी वापस घर आई थी।
सुबह पत्नी से मारपीट, रात में खोल दिए दोनों सिलेंडर
आरोप है कि शुक्रवार सुबह शहादत ने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे समझाने पहुंचे रिश्तेदारों के साथ भी मारपीट कर वह वहां से चला गया। रात करीब 10 बजे वह शराब के नशे में घर लौटा। इस दौरान उसने घर में रखे दोनों गैस सिलेंडर खोल दिए और आत्मदाह करने की धमकी देने लगा। इसके बाद दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। घर से गैस फैलने की आशंका के चलते आसपास के लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस, सुरक्षित निकाला युवक
सूचना मिलते ही किला पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। दमकल टीम ने गैस सिलेंडरों को हटाकर स्थिति संभाली। पुलिस ने युवक को सुरक्षित बचाने के बाद हिरासत में ले लिया। समय रहते पुलिस और दमकल टीम के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।
संकरी गलियों में दमकल की गाड़ी पहुंचना भी चुनौती
घटना के बाद इलाके के लोगों ने संकरी गलियों की समस्या भी उठाई। उनका कहना था कि आग लगने या गैस रिसाव जैसी आपात स्थिति में दमकल की बड़ी गाड़ियों का गलियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में किसी बड़े हादसे के दौरान राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो सकता है।