google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSAI चित्र।

बरेली। पड़ोसियों की हरकतों से परेशान महिला ने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत क्या कर दी, आरोपियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज तीन महिलाओं ने घर में घुसकर उसके साथ जमकर मारपीट की। उसे पीटते हुए घर से सड़क तक घसीट ले गईं। सड़क पर भी मारपीट की और कपड़े तक फाड़ दिए। इतना ही नहीं, महिला को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने अब बारादरी थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घर पर फेंके पत्थर, विरोध करने पर की गाली-गलौज

बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा निवासी सुनीता पत्नी भगवान दास राठौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले भगवान दास, गीता, लक्की और विक्की आए दिन उन्हें और उनके परिवार को परेशान करते हैं। आरोप है कि 11 नवंबर को इन लोगों के घर उनके मिलने वाले चिग्गा उर्फ बीरेंद्र, करन सोनी और कांती आए हुए थे। इसी दौरान इन लोगों ने सुनीता के घर पर पत्थर फेंके। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी।

चौकी में शिकायत की तो घर में घुसकर बरसाए लात-घूंसे

सुनीता का आरोप है कि घटना के बाद वह जोगी नवादा पुलिस चौकी पहुंचीं और आरोपियों की शिकायत की। इससे आरोपी पक्ष के लोग उनसे रंजिश मानने लगे। इसी खुन्नस में 13 नवंबर को गीता, विनीता और कांती उनके घर में घुस आईं। तीनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्हें पीटते हुए घर से बाहर सड़क पर खींच ले गईं। वहां भी उनके साथ मारपीट की गई और कपड़े फाड़ दिए गए।

जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

पीड़िता ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि मारपीट करने वाले लोग उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। लगातार हो रही परेशानियों और मारपीट से परेशान सुनीता ने 20 नवंबर को बारादरी थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *