google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSAI चित्र।

बरेली। महज तीन हजार रुपये के विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सीबीगंज के तिलियापुर गांव में दुकान से घर लौट रहे आरिश के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। चोट इतनी गंभीर थी कि वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए और आरिश को बेरहमी से पीटा। मौके पर भीड़ जुटी तो किसी तरह उसे हमलावरों से बचाया गया। घायल आरिश अस्पताल में भर्ती है। उसकी मां मुन्नो ने सीबीगंज थाने में तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

तीन हजार रुपये को लेकर चल रही थी रंजिश

मुन्नो पत्नी बाबू निवासी तिलियापुर के मुताबिक, उनके बेटे आरिश के अरमान पुत्र जाकिर पर तीन हजार रुपये बकाया थे। इसी रकम को लेकर अरमान उससे रंजिश रखने लगा था। आरोप है कि इसी विवाद में 30 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे आरिश को निशाना बनाया गया।

पीछे से सिर पर मार दी लोहे की रॉड

परिजनों के मुताबिक, आरिश इकरार खां की दुकान से घर लौट रहा था। रास्ते में अरमान ने पीछे से उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर पर वार लगते ही आरिश गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुए हमले से वह खुद को संभाल भी नहीं सका।

दो युवक और पहुंचे, फिर की पिटाई

आरोप है कि आरिश के गिरने के बाद चांद और जाफिर भी वहां पहुंच गए। दोनों ने भी उसके साथ मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बीच-बचाव कर आरिश को बचाया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

मां पहुंची थाने, तीनों के खिलाफ रिपोर्ट

बेटे पर हमले के बाद मुन्नो ने सीबीगंज थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अरमान, चांद और जाफिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *