google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyकार्यक्रम में पहुंचे एडीजी रमित शर्मा व अन्य।

बरेली। सूफियाना परंपराओं और रूहानी विरासत के ऐतिहासिक सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए बरेली में डॉ. सैयद एहतेशाम उल हुदा की दस्तारबंदी की गई। देशभर की प्रमुख दरगाहों और खानकाहों से पहुंचे सज्जादानशीनों, उलमा-ए-किराम और मशायिख की मौजूदगी में उन्हें बुजुर्गों की खानदानी सूफी गद्दी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान पुराना शहर स्थित साजन पैलेस में रूहानी महफिल सजी, जिसमें धार्मिक हस्तियों के साथ राजनीतिक, प्रशासनिक, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। यह आयोजन मरहूम हजरत सैयद ऐनुल हुदा साहब के चालीसवें के अवसर पर बुधवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों की मौजूदगी रही। दस्तारबंदी के साथ मुल्क में अमन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई।

महाराष्ट्र के गरीब नवाज की सूफियाना विरासत अब डॉ. एहतेशाम के हाथ

डॉ. सैयद एहतेशाम उल हुदा का संबंध महाराष्ट्र के परभणी शरीफ स्थित प्रसिद्ध खानकाह-ए-तुराबुल हक से है। उनके खानदानी बुजुर्ग हजरत सैयद शाह फरजन्द अली उर्फ तुराबुल हक शाह बाबा महाराष्ट्र के प्रसिद्ध सूफी संत थे। अकीदतमंद उन्हें ‘महाराष्ट्र के गरीब नवाज’ के नाम से जानते हैं। परभणी शरीफ में उनकी दरगाह और खानकाह स्थित है। इसी खानदानी सूफी सिलसिले की रूहानी विरासत पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती रही है। मरहूम हजरत सैयद ऐनुल हुदा साहब के बाद अब उनके पुत्र डॉ. सैयद एहतेशाम उल हुदा को इस सिलसिले की गद्दी और उससे जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

अजमेर शरीफ से रामपुर तक, कई खानकाहों के सज्जादानशीन पहुंचे

दस्तारबंदी की रस्म में अजमेर शरीफ स्थित ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह के सज्जादानशीन सैयद फारदीन अली चिश्ती, बरेली की खानकाह-ए-वामिकिया के सज्जादानशीन सैयद असलम मियां वामिकी, पीलीभीत की खानकाह-ए-अल्लाह हू मियां के सज्जादानशीन मौलाना अल्हाज नूर मियां कादरी और रामपुर की खानकाह-ए-कादरिया अजजिया के सज्जादानशीन सूफी अबरार मियां कादरी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा खानकाह शाह जमाल के सज्जादानशीन सैयद अफाक शाह उर्फ फहद मियां निजामी, अमरोहा की खानकाह बाबा फरीदी के सज्जादानशीन ख्वाजा अनवर फरीदी, रामपुर की खानकाह-ए-अनवारुल औलिया के सज्जादानशीन सूफी जीशान अनवरी और बदायूं के सूफी फरहत हुसैन लियाकती जहांगीरी ने भी शिरकत की।

0

जनप्रतिनिधि और अफसर भी रहे मौजूद

फैजान निजामी, जावेद निजामी, रिजवान निजामी, वसीम मियां साबरी नुसरी, सूफी शाने अली, खानकाह-ए-वसीलिया के सज्जादानशीन शब्बू मियां और दरगाह शाहदाना वली के मुतवल्ली बब्बू मियां भी मौजूद रहे। दरगाह आला हजरत से जुड़े नुसरत मियां उर्फ नुसरत अली खान ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जो धार्मिक हस्तियां स्वयं नहीं पहुंच सकीं, उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को भेजा।आयोजन में राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी रही। बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, उत्तर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं ब्रज क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य और एससी-एसटी आयोग के सदस्य उमेश कठेरिया ने कार्यक्रम में शिरकत की। इसके अलावा एडीजी बरेली रमित शर्मा सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विधायकों के प्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सैयद एहतेशाम उल हुदा भाजपा के वरिष्ठ नेता, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के निवर्तमान सदस्य और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के सूफी संवाद महाअभियान के प्रदेश प्रभारी भी हैं।

50 से अधिक चिकित्सकों ने की शिरकत, साहित्यकारों ने दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में बरेली के चिकित्सा जगत की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। शहर के 50 से अधिक चिकित्सकों और प्रमुख अस्पतालों के संचालकों ने शिरकत की। इनमें आला हजरत हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मोहम्मद फाजिल, खुश्लोक हॉस्पिटल के निदेशक एवं भाजपा नेता डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. फहद बिन हमीद, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आफताब और वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. नसीरुद्दीन अंसारी प्रमुख रहे। मरहूम हजरत सैयद ऐनुल हुदा साहब उर्दू और हिंदी के शायर, कवि एवं साहित्यकार भी थे। उनके चालीसवें में साहित्य जगत की कई हस्तियों ने पहुंचकर उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश किया। प्रोफेसर योगेश शर्मा, प्रोफेसर प्रगेश शर्मा, पम्मी वारसी, आरिम अली चिश्ती, शाहजहांपुर के सईद खान, मौलाना मंसूर खान उर्फ टिंकू, गुफरान खान और अधिवक्ता शारिक खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

बलिया से महाराष्ट्र तक के खानदानी लोग पहुंचे बरेली

दस्तारबंदी में खानदानी सूफी सिलसिले से जुड़े लोगों की भी बड़ी भागीदारी रही। बलिया, सिकंदरपुर, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों से परिवार के सदस्य बरेली पहुंचे। इनमें सैयद अनवार, सैयद उमर और सैयद फिरोज सहित खानदान के कई बुजुर्ग और जिम्मेदार लोग शामिल रहे। सभी ने मरहूम हजरत सैयद ऐनुल हुदा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की और डॉ. एहतेशाम उल हुदा की दस्तारबंदी में हिस्सा लिया।

प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र और देश की खुशहाली के लिए दुआ

रूहानी आयोजन में महफिल-ए-मिलाद, फातिहा ख्वानी, तबर्रुक वितरण और भोजन की व्यवस्था की गई। इस दौरान अजमेर शरीफ से आए सैयद फारदीन अली चिश्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और देश की खुशहाली के लिए दुआ की। वहीं, सैयद असलम मियां वामिकी ने देश में अमन-ओ-अमान, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मजबूती की कामना की। कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदायों के बीच एकता तथा विश्व शांति के लिए भी विशेष दुआ की गई।

‘हिंदुस्तान अलग-अलग धर्मों के फूलों से सजा खूबसूरत गुलदस्ता’

दस्तारबंदी के बाद अपने संबोधन में डॉ. सैयद एहतेशाम उल हुदा ने देश की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के फूलों से सजा एक खूबसूरत गुलदस्ता है। इन सभी फूलों को एकता की माला में पिरोकर रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के लोगों को मिलकर देश की तरक्की के लिए काम करना चाहिए। अनेकता में एकता ही हिंदुस्तान की असली पहचान है। सभी समुदाय एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे, तभी देश विश्वगुरु बनने के लक्ष्य को हासिल कर सकेगा।

मिलाद और फातिहा के साथ हुआ समापन, व्यवस्थाओं में जुटे रहे सहयोगी

कार्यक्रम का संचालन बरेली कॉलेज के अरबी एवं फारसी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर महमूद ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मिराज उर्फ पम्मी भाई, शुजा कादरी, सलमान उर्फ मन्नू, हिफजान, समद और फैजान सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में मुल्क की तरक्की, अमन, आपसी मोहब्बत, सामाजिक सौहार्द और विश्व शांति की सामूहिक दुआ के साथ आयोजन संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *