बरेली। ईद मिलादुन्नबी के जुलूस से पहले पुलिस सड़कों पर उतर गई है। बुधवार को एसपी सिटी मानुष पारीक ने बारादरी क्षेत्र में करीब 4.5 किलोमीटर लंबे जुलूस रूट का पैदल निरीक्षण किया। सैलानी, शहदाना और कंकड़टोला जैसे भीड़ वाले इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा के साथ ट्रैफिक का भी जायजा लिया। जुलूस के दौरान कहां ज्यादा भीड़ होगी और कहां अतिरिक्त पुलिस की जरूरत पड़ेगी, ऐसे प्वाइंट भी देखे गए।
जगतपुर से सैलानी तक पैदल घूमे अफसर
एसपी सिटी मानुष पारीक ने जगतपुर तिराहे से निरीक्षण शुरू किया। पुलिस टीम कंकड़टोला, शहदाना, सैलानी, मीरा की पैठ और रवि की आटा चक्की होते हुए जगतपुर चौकी तक पहुंची। करीब 4.5 किलोमीटर के पूरे रास्ते को देखकर जुलूस के दौरान आने वाली दिक्कतों का अंदाजा लगाया गया। उनके साथ एएसपी/सीओ सिटी तृतीय शिवम आशुतोष भी रहे। पुलिस अधिकारियों ने उन जगहों पर ज्यादा फोकस किया, जहां जुलूस के दौरान भारी भीड़ जुट सकती है। तंग रास्तों, प्रमुख चौराहों और ज्यादा ट्रैफिक वाले हिस्सों को देखा गया। जुलूस निकलते समय यातायात कैसे संभाला जाएगा और किन जगहों पर अतिरिक्त पुलिस लगानी होगी, इसे लेकर भी मौके पर मंथन हुआ।
आयोजकों से दो टूक- तय रास्ते से ही निकले जुलूस
अधिकारियों ने जुलूस आयोजकों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। आयोजकों से कहा गया कि जुलूस तय रूट से ही निकाला जाए और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन किया जाए। किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए आयोजकों से पुलिस के साथ तालमेल बनाए रखने को कहा गया। पुलिस का पूरा फोकस जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से निकालने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था संभालने पर है। स्थानीय लोगों से भी आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की गई है। जुलूस से पहले रूट की कमियों और संवेदनशील जगहों को चिह्नित कर वहां सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।