sप्रतीकात्मक चित्र

बरेली। बारादरी क्षेत्र में रहने वाले रिटायर्ड सीओ से दोस्ती के बाद 50 हजार रुपये लेने और रकम वापस मांगने पर विवाद करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपये मांगने पर परिचित दंपती ने रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के साथ गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। मामले में एडीजी के आदेश के बाद बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आदर्श विहार कॉलोनी, पीलीभीत बाईपास रोड निवासी नत्थूलाल भारती पुलिस उपाधीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हैं। शिकायत के मुताबिक, कॉलोनी में रहने वाले घनेन्द्र यादव से उनकी जान-पहचान हुई और धीरे-धीरे दोनों परिवारों के बीच आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान घनेन्द्र ने आर्थिक जरूरत बताकर उनसे रुपये मांगे। रिटायर्ड सीओ के मुताबिक उन्होंने घनेन्द्र की पत्नी कुसुमा देवी के नाम 30 हजार रुपये का चेक दिया। कुछ समय बाद फिर रुपये मांगने पर 20 हजार रुपये और दिए गए। इस तरह कुल 50 हजार रुपये दिए गए।

रुपये वापस मांगते रहे, हर बार टलती रही बात

शिकायत में आरोप है कि रकम देने के बाद नत्थूलाल भारती ने कई बार अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन घनेन्द्र यादव और उसकी पत्नी कुसुमा देवी रकम लौटाने के बजाय लगातार टालमटोल करते रहे। कई बार कहने के बावजूद जब रुपये वापस नहीं मिले तो उन्होंने 14 अगस्त को फिर रकम लौटाने को कहा।

रुपये मांगने पर भड़के, जातिसूचक शब्द बोलने का आरोप

आरोप है कि 14 अगस्त को रुपये मांगने पर घनेन्द्र यादव और उसकी पत्नी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। नत्थूलाल भारती ने आरोप लगाया कि इसके बाद घनेन्द्र यादव ने उनके और उनके बेटे डिम्पु के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। उनका दावा है कि दूसरे पक्ष ने पुलिस पर दबाव बनाकर कार्रवाई कराई और स्थानीय पुलिस उनकी मदद कर रही है।

ADG से शिकायत पहुंची तो दर्ज हुई FIR

मामले को लेकर नत्थूलाल भारती ने 21 अगस्त को एडीजी रमित शर्मा से शिकायत की। उन्होंने अपनी रकम वापस दिलाने के साथ ही धमकी और गाली-गलौज के मामले में कार्रवाई की मांग की। एडीजी के आदेश के बाद बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब दोनों पक्षों के आरोपों, 50 हजार रुपये के लेनदेन, चेक और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *