sमुठभेड़ में घायल आरोपी को ले जाते पुलिस के जवान।

बरेली। नकटिया नदी के पास गोवंशीय अवशेष मिलने के मामले में वांछित आरोपी को कैंट पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे कठपुला पुल के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की स्कूटी, मोबाइल फोन और पशु वध में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नकटिया नदी के पास कट्टे में मिले थे गोवंशीय अवशेष

कैंट थाना क्षेत्र में 23 अगस्त को नकटिया नदी के पुल के पास हाईवे किनारे झाड़ियों में प्लास्टिक के कट्टे में गोवंशीय अवशेष मिले थे। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने 30 अगस्त को मामले से जुड़े पैकर इल्मास वारसी खान निवासी रोहिली टोला, बारादरी और नन्हे बाबू उर्फ अतीक खान निवासी ठिरिया निजावत खान, कैंट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी मामले में छोटा उर्फ राशिद फरार चल रहा था।

पुलिस को देखते ही स्कूटी दौड़ाई, फिसलकर गिरा आरोपी

पुलिस के अनुसार, तीन सितंबर को तड़के कैंट पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौवध के मुकदमे में वांछित आरोपी कठपुला पुल की ओर से गुजरने वाला है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। इसी बीच कृष्णा कॉलोनी की ओर से स्कूटी पर आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर तेजी से कठपुला पुल की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कठपुला पुल के पास गड्ढे और फिसलन के कारण उसकी स्कूटी गिर गई।

पुलिस का दावा- घिरने पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में घायल

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग की और मैदान की ओर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम छोटा उर्फ राशिद (30) पुत्र इब्राहिम बताया। वह मूल रूप से पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर वाहनपुर का रहने वाला है और वर्तमान में इज्जतनगर क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी में रह रहा था।

तमंचा, तीन खोखे और दो छुरियां बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, मोबाइल फोन और पशु वध में इस्तेमाल होने वाली दो छुरियों समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ उससे पूछताछ कर रही है। मुठभेड़ के संबंध में अलग मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *