बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली के दौरे पर आएंगे। वह करीब साढ़े तीन घंटे शहर में रहेंगे। इस दौरान पुलिस लाइन में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह में शामिल होकर बरेली और मुरादाबाद मंडल के ग्राम प्रहरियों से संवाद करेंगे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करेंगे। मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित करेंगे। इस दौरान वह प्रदेश के करीब 70 हजार ग्राम प्रहरियों को बड़ी सौगात देते हुए उनका मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये करने की घोषणा करेंगे। इससे प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। मुख्यमंत्री भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करने के साथ बरेली क्लब मैदान में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस लाइन में कार्यक्रम स्थल को तैयार किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। सुरक्षा से लेकर कार्यक्रम में शामिल होने वाले ग्राम प्रहरियों के बैठने और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस लाइन, सर्किट हाउस और बरेली क्लब मैदान में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली पुलिस लाइन से ही प्रदेश भर के सभी ग्राम प्रहरियों चौकीदारों का मानदेय बढ़ाने की भी घोषणा कर सकते हैं।
सुबह 11:40 बजे पुलिस लाइन पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह 11:40 बजे हेलीकॉप्टर से बरेली पुलिस लाइन पहुंचेंगे। यहां बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के करीब पांच हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ग्राम प्रहरियों से संवाद कर उनकी भूमिका और समस्याओं पर भी चर्चा कर सकते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:50 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहां दोपहर 1:50 बजे तक उनका समय आरक्षित रहेगा। दोपहर दो बजे वह बरेली क्लब मैदान में आयोजित जनसभा में पहुंचेंगे। यहां भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 3:10 बजे मुख्यमंत्री पुलिस लाइन पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
बरेली से 70 हजार ग्राम प्रहरियों को मिलेगी सौगात, एक हजार रुपये बढ़ेगा मानदेय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली दौरे के दौरान प्रदेश के करीब 70 हजार ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा करेंगे। वर्तमान में ग्राम प्रहरियों को 2500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। प्रस्तावित बढ़ोतरी के बाद यह राशि 3500 रुपये प्रतिमाह हो जाएगी। इससे प्रत्येक ग्राम प्रहरी को हर महीने एक हजार रुपये और सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। प्रदेश के ग्राम प्रहरी लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे। अपनी मांगों को लेकर ग्राम प्रहरियों ने राजधानी लखनऊ में कई दिनों तक धरना भी दिया था। अब सरकार के इस फैसले से उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की उम्मीद है। मानदेय में बढ़ोतरी से ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।
गांवों में पुलिस की अहम कड़ी हैं ग्राम प्रहरी
ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस तक महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाने में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका होती है। गांवों में संदिग्ध गतिविधियों, आपसी विवादों और अपराध से जुड़ी सूचनाएं स्थानीय थानों तक पहुंचाने में ग्राम प्रहरी महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करते हैं। ग्राम प्रहरी गांवों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखते हैं और आवश्यक जानकारी समय रहते पुलिस को उपलब्ध कराते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम उनके योगदान को पहचान देने और उनका मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में बरेली और मुरादाबाद रेंज के नौ जिलों के 500 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान मिलने को लेकर ग्राम प्रहरियों में उत्साह है।
मानदेय बढ़ने से सरकार पर सालाना 84 करोड़ रुपये का भार
प्रदेश के करीब 70 हजार ग्राम प्रहरियों के मानदेय में एक हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर सालाना लगभग 84 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। इसके लिए अनुपूरक बजट में धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। मानदेय बढ़ने के बाद ग्राम प्रहरियों को सालाना 30 हजार रुपये के स्थान पर 42 हजार रुपये मिलेंगे। सरकार इससे पहले भी विभिन्न वर्गों के मानदेय में बढ़ोतरी कर चुकी है। परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली करीब 3.53 लाख रसोइयों का मानदेय 2000 से बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह किया गया था। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और पंचायत सहायकों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई थी। प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता भी 500 से बढ़ाकर 600 रुपये किया जा चुका है।
सर्किट हाउस में फलाहार करेंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर सर्किट हाउस में भी तैयारियां की जा रही हैं। नवरात्र में व्रत के चलते मुख्यमंत्री के लिए सात्विक फलाहार की व्यवस्था की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:50 बजे से 1:50 बजे तक सर्किट हाउस में रहेंगे। इस दौरान भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों से मुलाकात भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन के पदाधिकारी भी तैयारियों में जुट गए हैं। बरेली क्लब मैदान में होने वाली जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांग रहे बरेली कॉलेज के कर्मचारी
बरेली कॉलेज के आउटसोर्स कर्मचारी भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात का समय मांग रहे हैं। महाविद्यालय के 145 अस्थायी कर्मचारियों के वेतन में कथित गड़बड़ी पर कार्रवाई और विनियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर डीएम को ई-मेल भेजकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की अनुमति मांगी गई है। कर्मचारी प्रतिनिधि जितेंद्र मिश्र ने बताया कि आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन और ईपीएफ में कथित घोटाले तथा गबन की शिकायतें कई बार की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखने की मांग की है।
वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन भी बढ़ाने की तैयारी
ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ प्रदेश सरकार सामाजिक पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भी राहत देने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री की सैद्धांतिक सहमति के बाद वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन की राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यह प्रस्ताव मंजूरी के लिए कैबिनेट में भेजा जाएगा। प्रदेश में 67 लाख से अधिक बुजुर्ग, 42 लाख से अधिक निराश्रित महिलाएं और 12 लाख से अधिक दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के लाभार्थी हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर प्रत्येक पात्र लाभार्थी को सालाना छह हजार रुपये अतिरिक्त पेंशन मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस लाइन में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह से लेकर सर्किट हाउस और बरेली क्लब मैदान तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों ने पुलिस लाइन पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के आगमन, कार्यक्रमों में शामिल होने और लखनऊ प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाएं सुचारु रखने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरियों, भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री का यह दौरा ग्राम प्रहरियों के लिए विशेष महत्व रखता है। एक ओर उन्हें सम्मानित किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से लंबित मानदेय बढ़ोतरी की मांग पूरी होने की उम्मीद है। इससे प्रदेश के हजारों ग्राम प्रहरियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनके मनोबल में भी बढ़ोतरी होगी।