बरेली। रक्षाबंधन के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी ठंडी पड़ गई थी। अब नवरात्रि आते ही FSDA की टीम फिर बाजार में उतर आई। दो दिन में रिलायंस स्मार्ट बाजार समेत कई दुकानों और खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों पर छापेमारी कर नमूने भरे गए। कुट्टू-सिंघाड़े के आटे से लेकर साबूदाना, मिठाई और घी तक की जांच के लिए नमूने लिए गए। त्योहार पर विभाग की सक्रियता तो दिखी, लेकिन कार्रवाई अभी नमूने भरने तक ही सीमित है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि बाजार में बिक रहे खाद्य पदार्थ जांच में कितने सही उतरते हैं।
व्रत के दौरान कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना और मूंगफली की मांग बढ़ जाती है। इसी बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने 10 और 11 अक्टूबर को शहर में अभियान चलाया। टीम ने कई दुकानों और निर्माण इकाइयों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। रक्षाबंधन के बाद अब नवरात्रि पर विभाग की टीम सक्रिय हुई है। त्योहारों पर छापेमारी के साथ बाजार में नियमित जांच भी जरूरी है, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें।
रिलायंस स्मार्ट बाजार से साबूदाना, मूंगफली के नमूने
मिनी बाईपास स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार से खुले साबूदाने, मूंगफली के दाने और साबूदाना पापड़ के नमूने लिए गए। माधोबाड़ी स्थित विजय एंड कंपनी की निर्माण इकाई से सत्याज विजय श्री ब्रांड के पैक कुट्टू आटे और सिंघाड़े के आटे के साथ खुले कुट्टू आटे का नमूना लिया गया। आईवीआरआई रोड स्थित मुल्ला जी चावल वालों के यहां से सप्तऋषि ब्रांड के कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने भरे गए। वीर सावरकर नगर स्थित अभयदीप एंटरप्राइजेज से बारी फ्रेश ब्रांड के कुट्टू आटे का नमूना लिया गया। 11 अक्टूबर को धनेटा रेलवे फाटक स्थित जय मां दुर्गे स्वीट्स से लौज और गुलाब जामुन के नमूने लिए गए। अशरफ खान की छावनी स्थित हाफिज किराना स्टोर से सिंघाड़े के आटे और जोगी नवादा स्थित हरिओम किराना स्टोर से कुट्टू के आटे का नमूना लिया गया। स्टेडियम रोड स्थित श्रीकृष्णा घी की निर्माण इकाई से भी घी के दो नमूने लिए गए। इनमें एक पैक टिन से और दूसरा खुले घी से भरा गया।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
अभियान सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। विभाग के मुताबिक, रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी नमूने में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए त्योहारों पर छापेमारी के साथ सालभर बाजारों की नियमित जांच जरूरी है। नमूने लेने के बाद उनकी रिपोर्ट समय पर आना और गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई करना भी उतना ही अहम है। नवरात्रि में विभाग ने कई जगह नमूने लिए हैं। अब जांच रिपोर्ट आने और उसके आधार पर कार्रवाई होने का इंतजार है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल को फोन लगाया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।