रामपुर/बरेली। लड़की को जयपुर छोड़कर बरेली लौट रही पुलिस टीम का सफर शनिवार सुबह मातम में बदल गया। रामपुर के शहजादनगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर धमोरा-झुनैया पुल के पास बरेली पुलिस का वज्र वाहन भीषण हादसे का शिकार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चला रहे 42 वर्षीय सिपाही अशोक कुमार की मौत हो गई, जबकि महिला कांस्टेबल आरती घायल हो गईं।
बरेली पुलिस लाइन का वज्र वाहन UP32 FG 5891 पुलिसकर्मियों को लेकर जयपुर गया था। जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम एक लड़की को जयपुर छोड़ने के बाद शनिवार को बरेली वापस लौट रही थी। वाहन को बरेली पुलिस की परिवहन शाखा में तैनात सिपाही अशोक कुमार चला रहे थे। वाहन में महिला कांस्टेबल आरती समेत अन्य पुलिसकर्मी भी सवार थे।
सुबह करीब छह बजे हाईवे पर हुई भीषण टक्कर
शनिवार सुबह करीब छह बजे वज्र वाहन रामपुर के शहजादनगर थाना क्षेत्र में धमोरा-झुनैया पुल के पास पहुंचा। इसी दौरान सामने से आए वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। शुरुआती जानकारी में टक्कर मारने वाले वाहन को रॉन्ग साइड से आया ट्रक बताया गया, हालांकि पुलिस स्तर से वाहन की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वज्र वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी फंस गए।
क्षतिग्रस्त वाहन से मशक्कत कर निकाले पुलिसकर्मी
हादसे की सूचना मिलते ही धमोरा पुलिस चौकी और शहजादनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहन से चालक सिपाही अशोक कुमार और महिला कांस्टेबल आरती को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। अशोक कुमार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घायल महिला कांस्टेबल आरती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 42 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र स्वर्गीय जयपाल सिंह मूल रूप से बुलंदशहर जिले के अनूपशहर थाना क्षेत्र के गांव मऊ के रहने वाले थे। वर्तमान में वह बरेली पुलिस की परिवहन शाखा में तैनात थे। वह पत्नी प्रभा और छह वर्षीय बेटे आरब के साथ बरेली में किराये के मकान में रह रहे थे।
जयपुर से वापसी का सफर बन गया आखिरी सफर
जयपुर से पुलिस टीम को सुरक्षित लेकर बरेली लौट रहे अशोक कुमार के लिए यह सफर आखिरी साबित हुआ। हादसे में उनकी मौत की सूचना बरेली पुलिस तक पहुंचते ही महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शहजादनगर पुलिस हादसे में शामिल दूसरे वाहन और उसके चालक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।