google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSजिला अस्पताल में डिब्बे में बंद सांप दिखाता युवक।

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के खड़ौआ गांव में त्योहार की तैयारियों के बीच घर की साफ-सफाई कर रहे एक युवक को सांप ने डस लिया। सांप के डसने के बाद युवक ने हिम्मत दिखाते हुए उसे प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर लिया। इसके बाद परिजन युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। युवक अपने साथ सांप को भी अस्पताल ले गया। वहां उसने डॉक्टरों को सांप दिखाकर पूछा कि यह जहरीला है या नहीं। फिलहाल युवक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

कूड़ा हटाते समय दाहिने हाथ की उंगली में सांप ने डसा

सीबीगंज के खड़ौआ गांव निवासी 26 वर्षीय पवन एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करते हैं। पवन ने बताया कि त्योहार के चलते उनके घर में साफ-सफाई और टाइल-पत्थर लगाने का काम चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण घर में जगह-जगह कूड़ा और मलबा जमा हो गया था। इसी को हटाने के दौरान उन्होंने जैसे ही हाथ बढ़ाया, वहां छिपे सांप ने उनके दाहिने हाथ की उंगली में डस लिया। उंगली में अचानक दर्द होने पर पवन ने आसपास देखा तो उन्हें सांप दिखाई दिया। सांप को देखकर वह घबरा गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले गया युवक

सांप के डसने के बाद पवन ने उसे प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर लिया। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने डॉक्टरों को डिब्बे में बंद सांप दिखाया और बताया कि इसी सांप ने उन्हें डसा है। उन्होंने चिकित्सकों से सांप के जहरीले होने के बारे में भी जानकारी मांगी। डॉक्टरों ने युवक की जांच कर उपचार शुरू कर दिया। फिलहाल पवन चिकित्सकों की निगरानी में हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। युवक के सांप को साथ लेकर अस्पताल पहुंचने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *