बरेली। आंवला के लठैता मोहल्ले में हुए गोलीकांड में बुजुर्ग सज्जाद अहमद की मौत के बाद अब दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज होने से मामला और पेचीदा हो गया है। एक तरफ सज्जाद के बेटे ने 50 हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में हत्या का आरोप लगाया, वहीं दूसरी तरफ तरुण सिंह की मां रेनू सिंह ने भी सात लोगों के खिलाफ बेटे पर जानलेवा हमला करने और फायरिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसी मामले में सुमित गुप्ता की पत्नी दामिनी गुप्ता ने भी दूसरे पक्ष के लोगों पर मारपीट और फायरिंग के आरोप लगाए हैं।
50 हजार रुपये के लेनदेन का आरोप, गोली लगने से गई सज्जाद की जान
17 अक्टूबर की शाम आंवला के गंज त्रिपौलिया बाजार और लठैता मोड़ के पास दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी। इस दौरान वहां से गुजर रहे सज्जाद अहमद को गोली लग गई। अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, मोहल्ला पुरैना ढाल निवासी सुमित गुप्ता भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। सज्जाद के बेटे अफसार की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में मोहित गुप्ता, रोहित गुप्ता और अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए। शिकायत में 50 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद भी सामने आया। पुलिस ने मोहित और रोहित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अब तरुण की मां ने सात लोगों पर लगाए फायरिंग के आरोप
रेनू सिंह की तहरीर के मुताबिक, उनका बेटा तरुण सिंह 17 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े चार बजे त्रिपौलिया बाजार से घर लौट रहा था। शम्मी किराना स्टोर के पास लठैता मोड़ पर मोहित गुप्ता, रोहित गुप्ता, सुमित गुप्ता, दीपक गुप्ता, प्रियांशु उर्फ मोंटू गुप्ता, सचिन गुप्ता और महेश चंद्र गुप्ता ने उसे घेर लिया। आरोप है कि सभी ने जान से मारने की नीयत से लाइसेंसी और अवैध हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग की। तरुण जान बचाने के लिए पास में अपने ताऊ के घर में घुस गया।
इन्वर्टिस से लौटे समय भी बेटे को पीटा
रेनू सिंह का आरोप है कि इससे पहले 15 अक्टूबर को भी इन लोगों ने इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी से लौटते समय तरुण को घेरकर पीटा था। इस मामले में थाना बिथरी चैनपुर में एफआईआर दर्ज है। शिकायत में कहा है कि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मौके पर मौजूद कई लोगों ने फायरिंग होते देखी।
दूसरी तरफ सुमित की पत्नी ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद सुमित गुप्ता की पत्नी दामिनी ने तरुण, उसके भाई वरुण, पिता सुदेश सिंह, चाचा नवीन सिंह, सचिन, गौरव और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दामिनी का आरोप है कि उनके पति सुमित को घेरकर फरसे और लाठी-डंडों से पीटा गया और करीब 100 मीटर तक घसीटा गया। उन्होंने फायरिंग का आरोप भी लगाया है। इस घटना का वीडियो उपलब्ध होने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है।
पैसों का विवाद या पुरानी रंजिश, जांच में खुलेगी असली वजह
इस पूरे मामले में छात्र-छात्रा के प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद होने की बात भी सामने आई है। 15 अक्टूबर को तरुण के साथ हुई मारपीट और 17 अक्टूबर को बाजार में हुए खूनी संघर्ष के बीच संबंध की जांच की जा रही है। सज्जाद के परिवार की शिकायत में पैसों के लेनदेन का आरोप है, जबकि दूसरे पक्षों की शिकायतों में मारपीट और फायरिंग के आरोप हैं। फिलहाल इन सभी आरोपों को साबित होना बाकी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।