google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSअस्पताल में भर्ती घायल अंकित

बरेली। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर फरीदपुर स्थित एक ढाबे पर सोमवार रात खाना खाने के दौरान हुए विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। आरोप है कि शराब के नशे में एक व्यक्ति ने खाद व्यापारी के बेटे पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से कई गोलियां चला दीं। तीन गोलियां युवक के हाथ में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के दौरान फायरिंग के आरोपी के सिर में भी गंभीर चोट आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए बरेली के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने खाद व्यापारी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

साथी से गाली-गलौज का विरोध करने पर बढ़ा विवाद

फरीदपुर निवासी खाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा अंकित गुप्ता सोमवार रात अपने साथी प्रेम शर्मा के साथ दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित मुंशी ढाबे पर खाना खाने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद खल्लपुर निवासी राजेश प्रताप सिंह शराब के नशे में था। उसने बिना किसी कारण प्रेम शर्मा से गाली-गलौज और बहस शुरू कर दी। अंकित ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया तो मामला और बढ़ गया।

लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर की फायरिंग, हाथ में लगीं तीन गोलियां

खाद व्यापारी का आरोप है कि विवाद के दौरान राजेश प्रताप सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और अंकित को जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान तीन गोलियां अंकित के हाथ में लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर घायल हो गया। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल अंकित ने छीनी रिवॉल्वर, पुलिस को सौंपी

फायरिंग के बाद घायल अंकित ने किसी तरह आरोपी से रिवॉल्वर छीन ली। इसके बाद वह रिवॉल्वर अपनी गाड़ी में रखकर उपचार के लिए फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल अंकित से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। अंकित ने आरोपी से छीनी गई लाइसेंसी रिवॉल्वर पुलिस को सौंप दी।

आरोपी के सिर में भी गंभीर चोट, दोनों बरेली रेफर

घटना के कुछ देर बाद राजेश प्रताप सिंह भी घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। उसके सिर में गंभीर चोट बताई गई है। चिकित्सकों ने दोनों घायलों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बरेली रेफर कर दिया। दोनों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। राजेश के सिर में चोट कैसे लगी, इसकी भी जांच की जा रही है।

खाद व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद खाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता ने फरीदपुर थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस फायरिंग और मारपीट से जुड़े घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद किन परिस्थितियों में शुरू हुआ और दोनों पक्षों के बीच मारपीट कैसे हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *