google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSबरेली के फरीदपुर में मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को ले जाते पुलिसकर्मी।

बरेली। पत्नी के कान से कुंडल खींचकर भागे बदमाश ने सोमवार सुबह पुलिस के सामने भी तमंचा तान दिया। फरीदपुर में घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। तलाशी में उसके पास से तमंचा, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल बाइक और महिला से लूटा गया कुंडल बरामद हुआ। पुलिस ने घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

ढाबे के पास बाइक रोककर महिला का कुंडल लूटा

कैंट थाना क्षेत्र के कमालपुर पालपुर गांव निवासी सुनील 30 अक्टूबर को अपनी पत्नी ईशु के साथ बाइक से फरीदपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे दशमेश ढाबे के पास बाइक सवार बदमाश ने उनकी पत्नी के कान से कुंडल खींच लिया और मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। फरीदपुर थाने में अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

कैमरे में चेहरा दिखा तो तकनीक से खोज निकाला आरोपी

लुटेरे तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दिखे चेहरे की पहचान के लिए यक्ष एप की ‘चेहरे से खोजें’ सुविधा का इस्तेमाल किया गया। इसके जरिए पुलिस को आरोपी का सुराग मिला। उसकी पहचान फरीदपुर क्षेत्र के बकैनिया गांव निवासी देवराज के रूप में हुई।

पुलिस ने रोका तो तमंचे से कर दिया फायर

सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कुंडल लूटने वाला आरोपी उगनपुर गांव के पास बाइक से घूम रहा है और किसी दूसरी वारदात की फिराक में है। इस पर एसओजी-2 और फरीदपुर पुलिस ने मोहनपुर गांव के पास कच्ची नहर पटरी पर चेकिंग शुरू कर दी। सुबह करीब 7:30 बजे बाइक से आ रहे एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया तो उसने तमंचे से पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

बिना नंबर की बाइक और लूटा कुंडल भी मिला

पकड़े गए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय देवराज के रूप में हुई। पुलिस को उसकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं मिली। चेसिस नंबर से ई-चालान एप पर जांच की गई तो बाइक का पंजीकरण नंबर यूपी25ईडी6693 सामने आया। पुलिस के मुताबिक, इसी बाइक का इस्तेमाल कुंडल लूटने की वारदात में किया गया था। आरोपी के पास से लूटा गया पीली धातु का कुंडल, 32 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ।

आरोपी पर पहले से आठ मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, देवराज के खिलाफ बरेली के बारादरी, फरीदपुर और इज्जतनगर थानों में चोरी, लूट, अपहरण, धमकी, अवैध हथियार और गिरोहबंद कानून से जुड़े आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब कुंडल लूट की घटना के साथ बरामद हथियार और मुठभेड़ के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *