google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
bareillyबंपर लकी ड्रॉ में भाग लेते किसान।

बरेली। मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अंतर्गत बरेली मंडल के किसानों के लिए सोमवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। मंडी समिति कार्यालय के सभागार में आयोजित बंपर लकी ड्रॉ में 78 किसानों की किस्मत चमक उठी। किसी के नाम ट्रैक्टर निकला तो किसी के हिस्से मोटरसाइकिल, पंपिंग सेट और खेती में काम आने वाले आधुनिक उपकरण आए। चार त्रैमासिक और दो छमाही ड्रॉ में कुल 3,874 किसानों के 76,829 कूपन शामिल किये गये थे। बरेली मंडी सेक्रेट्री संतोष कुमार ने बताया कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत विजेता किसानों का चयन किया गया।

0

76,829 कूपनों से निकले 78 विजेताओं के नाम

मंडी परिषद की ओर से सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लंबित त्रैमासिक एवं छमाही उपहारों का ड्रॉ निकाला गया। अपर आयुक्त प्रशासन की अध्यक्षता में गठित संभागीय समिति ने विजेता किसानों का चयन किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में 1,040 किसानों के 20,224 कूपन और चौथी तिमाही में 779 किसानों के 11,331 कूपन शामिल रहे। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 1,076 किसानों के 24,025 और दूसरी तिमाही में 979 किसानों के 21,249 कूपन ड्रॉ में शामिल किए गए।

बंपर ड्रॉ में चार ट्रैक्टर, चार मिनी ट्रैक्टर और छह मोटरसाइकिल

छमाही बंपर ड्रॉ में किसानों के लिए सबसे बड़े आकर्षण ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल रहे। दो छमाही ड्रॉ में 35 हॉर्सपावर के चार ट्रैक्टर, 20 हॉर्सपावर से कम क्षमता के चार छोटे ट्रैक्टर और 100 सीसी की छह मोटरसाइकिलों के विजेता चुने गए। इसके अलावा 20 सोलर पावर पैक संयंत्रों के लिए भी किसानों के नाम निकाले गए। इस तरह छमाही ड्रॉ में कुल 34 पुरस्कार निर्धारित रहे।

0

खेती के आधुनिक उपकरणों पर भी किसानों की किस्मत मेहरबान

चार त्रैमासिक ड्रॉ में खेती-किसानी से जुड़े 44 उपकरणों के विजेताओं का चयन हुआ। इनमें आठ पंपिंग सेट, 12 चारा काटने की मशीनें, 10 क्विंटल क्षमता वाली 12 बखारियां और 12 पावर स्प्रेयर शामिल हैं। इन उपकरणों से किसानों को सिंचाई, चारा प्रबंधन, अनाज भंडारण और फसलों की देखभाल में सहूलियत मिलेगी। मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत आयोजित ड्रॉ में अपर आयुक्त प्रशासन के साथ मंडी परिषद के उपनिदेशक प्रशासन एवं विपणन, मंडी सचिव बरेली और संभागीय लेखाधिकारी मौजूद रहे। बरेली मंडल की विभिन्न मंडी समितियों के सचिव, कर्मचारी और किसान भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मंडी परिषद के उपनिदेशक विश्वेन्द्र कुमार ने बताया कि चार त्रैमासिक और दो छमाही ड्रॉ के माध्यम से कुल 78 विजेता किसानों का चयन किया गया है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को मंडियों में कृषि उपज की बिक्री के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आधुनिक कृषि उपकरणों के माध्यम से लाभ पहुंचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *