नई दिल्ली। दुनिया की अग्रणी टेक कंपनियों में शामिल गूगल ने समर इंटर्नशिप 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। तकनीक और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे छात्रों के लिए यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है। चयनित उम्मीदवारों को गूगल के साथ 10 से 12 सप्ताह तक काम करने और उद्योग का व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।

गूगल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह इंटर्नशिप प्रोग्राम सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग क्षेत्र के छात्रों के लिए है। इसमें बैचलर, मास्टर्स और डुअल डिग्री प्रोग्राम में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। इंटर्नशिप का आयोजन वर्ष 2027 में मई या जून से शुरू होगा।

28 जून तक कर सकेंगे आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी 28 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इंटर्नशिप के लिए बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे को प्रमुख कार्यस्थल के रूप में रखा गया है। आवेदन प्रक्रिया गूगल के करियर पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी।

इन छात्रों को मिलेगा मौका

इस इंटर्नशिप के लिए वही छात्र पात्र होंगे जो कंप्यूटर साइंस या उससे संबंधित तकनीकी विषयों में बैचलर, मास्टर्स अथवा डुअल डिग्री की पढ़ाई कर रहे हैं। उम्मीदवारों को डेटा स्ट्रक्चर, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, डिबगिंग, विजुअलाइजेशन टूल्स तथा मल्टीथ्रेडिंग, कॉनकरेंसी और डिस्ट्रिब्यूटेड सिस्टम जैसी तकनीकों की अच्छी समझ होनी चाहिए।

आवेदन के लिए क्या करना होगा

आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को गूगल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Software Engineering Intern, Summer 2027’ पद का चयन करना होगा। इसके बाद प्रोफाइल बनाकर नाम, ईमेल, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी। उम्मीदवारों को अपना बायोडाटा पीडीएफ या डॉक्यूमेंट फॉर्मेट में अपलोड करना होगा। सभी विवरणों की जांच के बाद आवेदन फॉर्म अंतिम रूप से जमा किया जा सकता है।

करियर के लिए बड़ा अवसर

विशेषज्ञों का मानना है कि गूगल जैसी वैश्विक कंपनी में इंटर्नशिप करने से छात्रों को उद्योग की कार्यप्रणाली समझने, तकनीकी कौशल विकसित करने और भविष्य में बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त करने में मदद मिलती है। यही कारण है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र इस प्रतिष्ठित इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए आवेदन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *