Social Sharing icon

बरेली। भुता थाना क्षेत्र के गांव अदीनापुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। आत्मानंद विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ने वाला छह वर्षीय मासूम लविश स्कूल परिसर के पास पानी पीने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पास बने गहरे कुएं में जा गिरा। बच्चे के कुएं में गिरते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है।

बच्चों के शोर से मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक स्कूल के पास एक पुराना कुआं बना हुआ है, जिसके पास पानी की टोंटी लगी है। सुबह के समय लविश वहां पानी पीने पहुंचा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे कुएं में जा गिरा। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद बच्चे घबरा गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनते ही शिक्षक और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।

काफी देर तक चलता रहा रेस्क्यू

घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत बच्चे को बचाने की कोशिश शुरू कर दी। कुएं में रस्सियां डाली गईं और कई लोगों ने नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन कुआं गहरा होने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही भुता थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मासूम को कुएं से बाहर निकाला।

अस्पताल पहुंचने से पहले थम गई सांसें

बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।

खुले कुएं पर उठे सवाल

घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। हादसे के बाद स्कूल परिसर के पास खुले कुएं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कुएं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था होती तो शायद मासूम की जान बच सकती थी। गांव में हर कोई इस दर्दनाक हादसे से सदमे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed