बरेली। तीन साल से चल रहे प्रेम संबंध को शादी की मंजिल तक पहुंचाने के लिए बहेड़ी की एक युवती ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेमी का हाथ थाम लिया। परिवार ने रिश्ता स्वीकार करने के बजाय उसके साथ मारपीट की, फिर जबरन रुद्रपुर भेज दिया। वहां से निकलकर उसने प्रेमी के साथ प्रयागराज पहुंचकर शादी कर ली। अब युवती ने मायके पक्ष से खुद और पति के परिवार को जान का खतरा बताते हुए मंगलवार को एसएसपी अनुराग आर्य से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

बहेड़ी के बहादुरगंज गांव निवासी बंटी ने बताया कि गांव के ही सत्यपाल से उसका करीब तीन साल से प्रेम संबंध है। दोनों शादी करना चाहते थे। बंटी के मुताबिक उसने घरवालों को भी अपने रिश्ते के बारे में बताया और सत्यपाल से शादी कराने की बात कही, लेकिन परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हुआ। युवती ने आरोप लगाया कि लगातार शादी की जिद करने पर परिवार का विरोध और बढ़ गया। उसके साथ मारपीट की गई और कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखा गया। इसके बावजूद उसने सत्यपाल से रिश्ता तोड़ने से इनकार कर दिया। युवती का कहना है कि वह बालिग है और अपना जीवनसाथी चुनने का फैसला उसने अपनी मर्जी से किया है।

रुद्रपुर भेजा तो वहां से निकली, सीधे पहुंची प्रेमी के पास

परिवार वालों ने युवती को सत्यपाल से दूर करने के लिए जबरन उसकी बहन के पास रुद्रपुर भेज दिया। युवती किसी तरह वहां से निकलकर सत्यपाल के पास पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और प्रयागराज चले गए। सात अगस्त को दोनों ने प्रयागराज स्थित आर्य संस्कार समाज में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।

मायके वालों से बताया जान का खतरा

युवती का आरोप है कि शादी के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। मायके पक्ष के कई लोग उससे नाराज हैं और उसे तथा सत्यपाल को धमकियां दी जा रही हैं। उसे, पति या ससुराल के लोगों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। मामले में युवती ने बहेड़ी पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि पुलिस बार-बार सत्यपाल के घर पहुंच रही है और परिवार के लोगों को परेशान किया जा रहा है। उसने पुलिसकर्मियों पर गाली-गलौज और घर में रखे सामान से तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया है।

मैं बालिग हूं, अपनी मर्जी से शादी की

युवती ने कहा है कि वह पूरी तरह बालिग है और अपने फैसले लेने में सक्षम है। उसने अपनी इच्छा से सत्यपाल से विवाह किया है और अपने वैवाहिक जीवन में खुश है। उसका कहना है कि उसे जबरन तलाश कर पति से अलग करने या वापस मायके ले जाने का प्रयास न किया जाए। मंगलवार को युवती ने एसएसपी अनुराग आर्य से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। उसने अपने और पति के साथ ही ससुराल पक्ष की सुरक्षा की मांग करते हुए धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *