बरेली। शहर के प्रमुख कारोबारी क्षेत्र इंद्रा मार्केट में सोमवार रात अचानक लगी आग ने हड़कंप मचा दिया। दुकान से उठती लपटों और धुएं के गुबार ने आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि आग पड़ोसी दुकानों तक नहीं पहुंची, वरना बाजार में बड़ा नुकसान हो सकता था।
सोमवार रात अचानक दुकान के भीतर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बाजार में मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती चली गईं। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दमकल कर्मियों ने समय रहते संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
लाखों का सामान जलने की आशंका
आग की वजह से दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक तौर पर भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का सही आंकलन जांच के बाद ही सामने आ सकेगा। अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।