बरेली। दोस्त के कमरे पर पहुंचे बीफार्मा कर चुके 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार शाम उसका शव दोस्त के किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। युवक अस्पताल में ट्रेनिंग कर रहा था। घटना के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर युवक ने दोस्त के कमरे में फांसी क्यों लगाई? उसके साथ ऐसा क्या हुआ कि उसने यह कदम उठा लिया। फिलहाल इन सवालों के जवाब नहीं मिल सके हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिठौरा के चेना मुरादपुर गांव निवासी 26 वर्षीय अमन राठौर पुत्र खुशहालीराम गुरुवार दोपहर बारादरी थाना क्षेत्र के मनोका देवी मंदिर के पास निर्माण नगर कॉलोनी पहुंचा था। यहां उसका दोस्त कौशल किराए के कमरे में रहता है। अमन का कौशल के कमरे पर अक्सर आना-जाना था। बताया जा रहा है कि अमन के पहुंचने के बाद कौशल किसी काम से बाहर चला गया। इसी बीच कमरे में अमन ने कथित तौर पर फांसी लगा ली। शाम करीब पांच बजे उसका शव फंदे से लटका मिला।
बीफार्मा की पढ़ाई पूरी कर अस्पताल में कर रहा था ट्रेनिंग
अमन ने वर्ष 2025 में बीफार्मा की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह बरेली के 100 फुटा रोड स्थित बालाजी अस्पताल में ट्रेनिंग कर रहा था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने करियर को आगे बढ़ाने में जुटा था। ऐसे में अचानक उसकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अमन किसी परेशानी से गुजर रहा था या नहीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था अमन
मृतक के मामा राजेश राठौर ने बताया कि अमन पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। उससे दो भाई-बहन बड़े और दो छोटे हैं। उसके पिता खुशहालीराम गांव में खेतीबाड़ी करते हैं। अमन पढ़ाई पूरी करने के बाद अस्पताल में ट्रेनिंग कर रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दोस्त के कमरे में क्यों उठाया आत्मघाती कदम
अमन ने अपने घर के बजाय दोस्त के किराए के कमरे में यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। सूचना पर पहुंची बारादरी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले क्या हुआ था और अमन किन परिस्थितियों में दोस्त के कमरे पर पहुंचा था। फिलहाल मौत की असल वजह सामने नहीं आई है।