google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWSमृतक किशोर अर्जुन का फाइल फोटो।

बरेली। शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गोकिलपुर गांव में सोमवार रात बड़े भाई को बचाने पहुंचे 16 वर्षीय किशोर की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के शरीर पर चाकू के 20 से अधिक घाव मिले हैं। इसकी जानकारी ईएमओ शैलेश रंजन ने दी। वारदात के बाद गांव में तनाव फैल गया। गुस्साए परिजनों ने आरोपी किशोर को पकड़ लिया। उसे हिरासत में लेने पहुंची पुलिस को भी परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिसकर्मियों को घर में बंद कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात गांव में दो किशोरों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गांव निवासी आरती देवी ने बताया कि उनके बड़े बेटे हरदेव का घर के बाहर दूसरे किशोर से झगड़ा हो रहा था। विवाद बढ़ता देख उनका छोटा बेटा अर्जुन (16) बड़े भाई को बचाने पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे किशोर ने अर्जुन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने उसकी गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई।

ईएमओ बोले- शरीर पर चाकू के 20 से ज्यादा घाव

किशोर की हत्या की वारदात बेहद वीभत्स थी। ईएमओ शैलेश रंजन ने बताया कि मृतक अर्जुन के शरीर पर चाकू के 20 से अधिक घाव पाए गए हैं। गर्दन के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चाकू से वार किए गए थे। किशोर की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वारदात के बाद गुस्साए परिजनों ने आरोपी किशोर को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने का प्रयास किया तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को घर में बंद कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। पुलिसकर्मी दीवार कूदकर घर में दाखिल हुए और लोहे का दरवाजा खुलवाकर आरोपी को अपने साथ थाने ले गए।

पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था अर्जुन

मृतक के दादा रामचंद्र ने बताया कि अर्जुन पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसने कक्षा पांच तक पढ़ाई की थी। बेटे की हत्या के बाद मां आरती देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *