नई दिल्ली। टेलीविजन अभिनेत्री नीति टेलर ने दक्षिण भारतीय फिल्मों के एक निर्देशक पर कास्टिंग काउच का आरोप लगाया है। अभिनेत्री के मुताबिक, निर्देशक ने उन्हें दूसरी फिल्म में काम देने के बदले अपने साथ सोने की शर्त रखी थी। इस बात से वह घबरा गईं और उन्होंने तुरंत फोन काट दिया। इसके बाद निर्देशक का नंबर ब्लॉक कर अपनी मां को पूरी घटना बताई।
एक बातचीत में नीति ने बताया कि वह दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। जिस निर्देशक पर उन्होंने आरोप लगाया है, उसके साथ वह पहले एक फिल्म कर चुकी थीं। उस फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद निर्देशक ने उन्हें फोन कर दूसरी फिल्म में काम करने का प्रस्ताव दिया। नीति के अनुसार, बातचीत के दौरान निर्देशक ने कहा कि इस बार फिल्म में काम करने के लिए उन्हें उसके साथ सोना पड़ेगा। अभिनेत्री ने बताया कि यह सुनकर वह सन्न रह गईं और कुछ पल तक समझ ही नहीं पाईं कि क्या जवाब दें।
डर के कारण छोड़ दिया प्रोजेक्ट
नीति ने बताया कि इस घटना का उन पर गहरा असर पड़ा और वह डर गई थीं। उन्होंने निर्देशक का प्रस्ताव ठुकरा दिया और उस प्रोजेक्ट में काम नहीं किया। अभिनेत्री के मुताबिक, निर्देशक उम्रदराज था और उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह उनके सामने ऐसी शर्त रखेगा। नीति टेलर कैसी ये यारियां, गुलाम और इश्कबाज जैसे धारावाहिकों में काम कर चुकी हैं। अपनी चुलबुली भूमिकाओं से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री ने इस अनुभव को अपने करियर की एक डराने वाली घटना बताया।