google.com, pub-7697724059714638, DIRECT, f08c47fec0942fa0
UP NEWS मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 13 अक्तूबर को बरेली आने की संभावना है। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रस्तावित दौरे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित कार्यक्रम स्थलों, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने मंथन शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री का बरेली में दो स्थानों पर कार्यक्रम प्रस्तावित है। इनमें मुरादाबाद शिक्षक एमएलसी सीट से भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों के चुनाव को लेकर सभा हो सकती है। सभा में बरेली और मुरादाबाद मंडल के सभी जिलों से लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए बड़े मैदान की तलाश की जा रही है। इसके लिए बरेली कॉलेज के मैदान पर भी विचार किया गया है, लेकिन स्थान अभी तय नहीं हुआ है। दूसरी सभा शाहजहांपुर में आयोजित करने की तैयारी है। प्रस्तावित सभाओं के लिए बरेली क्लब और बिशप मंडल इंटर कॉलेज के मैदान समेत अन्य स्थानों पर भी विचार किया जा रहा है।

अधिकारियों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर की चर्चा

शुक्रवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने बैठक कर संभावित कार्यक्रम स्थलों, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों पर प्रारंभिक चर्चा की। मुख्यमंत्री के दौरे की संभावना को देखते हुए लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारी भी तैयारियों में जुट गए हैं। प्रमुख सड़कों के गड्ढे भरने का काम तेज कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के संभावित आवागमन मार्गों का निरीक्षण कर उन्हें दुरुस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। संभावित कार्यक्रम स्थलों के आसपास सफाई, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के दौरे का अंतिम कार्यक्रम, सभा स्थल और समय शासन से मिनट-दर-मिनट कार्यक्रम मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *