UP NEWSगांधी-शास्त्री जयंती पर महापुरुषों को नमन करते डीएम अविनाश सिंह।

बरेली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से देश की एकता, अखंडता, संस्कृति और सभ्यता की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

डीएम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ काम करना चाहिए। देश को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों के खिलाफ आवाज उठाना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। देश की तरक्की में अपना योगदान देना ही महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान

जिलाधिकारी ने कहा कि जहां भी गलत या अन्यायपूर्ण चीजें दिखाई दें, उनका एक सच्चे देशभक्त की तरह विरोध किया जाना चाहिए। भारत अनेकता में एकता का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और ईमानदारी का जिक्र करते हुए डीएम ने कहा कि उनके निधन के बाद परिवार के पास रहने के लिए अपना मकान तक नहीं था। सरकार को उनके परिवार के लिए किराये के मकान की व्यवस्था करनी पड़ी थी। उनका जीवन आज भी ईमानदारी और सादगी की प्रेरणा देता है।

छात्राओं ने गाए गांधी के प्रिय भजन

कार्यक्रम में द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने भजन व देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। छात्राओं ने वैष्णव जन, रघुपति राघव राजा राम, चदरिया झीनी रे झीनी और शास्त्री जी तुम्हें देश प्रणाम करता है की प्रस्तुति दी। डीएम ने प्रस्तुति देने वाली छात्राओं अंकिता जौहरी, सौम्या कसौधन, रागिनी यादव, मानवी, कामिनी मौर्य, जैन्शी, तनु, नव्या रस्तोगी, परिधि ओबरॉय और यशिका को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। शिक्षिका श्रुति प्रज्ञानन, चक्षुप्रिया और सहायक देवेंद्र प्रताप को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक दिव्या ओझा, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *