UP NEWSबैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारी।

बरेली। सहालग और त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले जीएसटी और खाद्य विभाग के सर्वे को लेकर व्यापारियों ने विरोध का बिगुल फूंक दिया है। राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल ने सर्वे बंद करने की मांग उठाते हुए खाद्य विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन की तैयारी की है। इसी बैठक में संगठन ने अपनी युवा टीम का विस्तार करते हुए करीब 40 पदाधिकारियों की भी घोषणा की।

सिटी ऑफिस में हुई कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता मंडल प्रभारी जितेंद्र रस्तोगी ने की। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार व्यापारियों के बीच काम कर रहा है और नए व्यापारी भी इससे जुड़ रहे हैं। व्यापारियों की समस्याओं को लेकर जल्द खाद्य विभाग के खिलाफ धरना दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे बात, सोमवार को देंगे पत्र

प्रदेश महामंत्री एवं महानगर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा ने कहा कि सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजा जाएगा। इसमें सहालग और त्योहारों के दौरान जीएसटी और खाद्य विभाग के सर्वे बंद करने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाजार लंबे समय से मंदी का सामना कर रहा है। बारिश में भी व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ है। अब सहालग और त्योहारों से कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे समय में सर्वे और जांच के नाम पर व्यापारियों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

0

ईशान युवा प्रभारी, मंजीत को अध्यक्ष की कमान

बैठक में जिलाध्यक्ष राजकुमार राजपूत ने जिला युवा टीम की घोषणा की। ईशान सक्सेना ‘इशू’ को युवा प्रभारी और मंजीत सिंह ‘बिट्टू’ को युवा अध्यक्ष बनाया गया। राहुल खंडेलवाल को वरिष्ठ महामंत्री और भगवान स्वरूप को महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई। सरदार सतनाम सिंह और शुभम अग्रवाल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुमित गंगवार को कोषाध्यक्ष, विभोर गोयल को संगठन मंत्री और गौरांग गौरव को मीडिया प्रभारी बनाया गया। संगठन ने अलग-अलग पदों पर करीब 40 पदाधिकारियों की घोषणा की। इस दौरान कई व्यापारियों ने सदस्यता भी ग्रहण की।

नई टीम का स्वागत, आंदोलन की रणनीति पर मंथन

महामंत्री अनिल पाटिल ने नई युवा टीम के पदाधिकारियों का स्वागत किया। बैठक में संगठन विस्तार के साथ व्यापारियों की समस्याओं और प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष मंजीत सिंह नागपाल, संयोजक अमित भारद्वाज, विकास भार्गव, अरुण मेहता, प्रशांत सक्सेना, गोल्डी खुराना, सचिन गोयल, रंजीत सिंह, गुरमीत सिंह, प्रवीण अरोरा, गुरदीप सिंह, रजत वर्मा, अमन चौरसिया, शिवम राजपूत, सचिन जायसवाल, शानू काजमी, शारद अग्रवाल, मिथलेश गंगवार, मोहित शर्मा और संजीव औतार अग्रवाल समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *