बरेली। स्वच्छ एवं सुंदर बरेली के निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से गुरुवार को मेगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक कॉलेज विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में महापौर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य समेत नगर निगम के अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ मिलकर सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जुम्बा डांस और फिटनेस गतिविधियों से दिया स्वच्छता का संदेश
अभियान को युवाओं के लिए आकर्षक बनाने के लिए जुम्बा डांस और फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इसमें कॉलेज विद्यार्थियों के साथ अधिकारियों और अन्य लोगों ने भी हिस्सा लिया। संगीत की धुन पर जुम्बा डांस के जरिए स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
नुक्कड़ नाटक से समझाया कचरा अलग करने का महत्व
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को कचरे के सही निस्तारण के बारे में बताया गया। कलाकारों ने चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और शहर को साफ रखने में नागरिकों की भूमिका को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों और नागरिकों को स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की आदत में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
महापौर और अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ की सफाई
इसके बाद ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के संदेश के साथ महापौर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, नगर निगम के अन्य अधिकारियों, एसबीएम आईईसी टीम, विद्यार्थियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया। सभी ने मिलकर सफाई करते हुए शहर को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
स्वच्छता की शपथ लेकर लिया शहर को साफ रखने का संकल्प
अभियान के समापन पर महापौर डॉ. उमेश गौतम ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों, अधिकारियों और नागरिकों ने कचरे को अलग-अलग रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संकल्प लिया। नगर निगम की इस पहल में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। अभियान के जरिए लोगों को संदेश दिया गया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है।