बरेली। जिले में डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए गुरुवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने 300 बेड अस्पताल से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान 31 अक्तूबर तक चलेगा। इसके साथ ही 12 से 31 अक्तूबर तक दस्तक अभियान चलाकर स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस की टीमें घर-घर पहुंचेंगी।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन को रोकने पर विशेष जोर रहेगा। संभावित स्थानों पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाएगी। नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई के साथ उन स्थानों को भी चिह्नित किया जाएगा, जहां मच्छरों के पनपने की आशंका अधिक है।
12 अक्तूबर से घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य और आईसीडीएस की टीमें
दस्तक अभियान 12 अक्तूबर से शुरू होगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस की टीमें घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के तरीके बताएंगी। बीमारी के लक्षणों की जानकारी देने के साथ लोगों को समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, कृषि, पशुपालन, नगर विकास और पंचायती राज समेत विभिन्न विभागों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग अपने स्तर से स्वच्छता, मच्छर नियंत्रण और संचारी रोगों से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करेंगे।
सफाई से जागरूकता तक चलेगा अभियान
अधिकारियों के मुताबिक अभियान का उद्देश्य केवल बीमारी फैलाने वाले कारकों को नियंत्रित करना नहीं, बल्कि लोगों को बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। इसके लिए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रैली के दौरान सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, 300 बेड अस्पताल के अधीक्षक, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, मंडलीय सर्विलांस अधिकारी, नोडल एनयूएचएम, जिला मलेरिया अधिकारी, सहायक मलेरिया अधिकारी, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक, मलेरिया निरीक्षक और पीएसआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।