बरेली। ऑटो से उतरते ही महिला को पता चला कि उसका जेवरों से भरा बैग गायब है। बैग में करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर थे। कैमरे चेक हुए तो ऑटो और चालक की पहचान हो गई। महिला का आरोप है कि चालक को थाने बुलाने के बाद उससे समझौते के लिए कहा गया और 20-25 हजार रुपये दिलाने की बात कही गई। महिला ने समझौते से इनकार किया तो अगले दिन चालक और ऑटो को छोड़ दिया गया। इसके बाद महिला ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर किला पुलिस ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
किला पुल पर उतरने के बाद बैग गायब मिला
फरीदपुर के कुरमुरी गांव निवासी आशा देवी 14 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे सैटेलाइट से ऑटो में बैठी थीं। सत्य प्रकाश पार्क के पास किला पुल पर उतरने के बाद उन्हें पता चला कि उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी के कंगन और चांदी की चेन समेत करीब तीन लाख रुपये के जेवर बताए गए हैं।
कैमरे चेक किए तो सामने आया ऑटो चालक
आशा देवी के मुताबिक, वह तुरंत किला थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस ने आसपास के कैमरे चेक किए तो ऑटो नंबर यूपी-25 सीटी-7734 सामने आया। ऑटो चालक की पहचान धारा सिंह पुत्र रामपाल निवासी श्रीधाम कॉलोनी, रामगंगा नगर के रूप में हुई।
चालक ने कहा- 20-25 हजार ले लो, मामला खत्म कर दो
महिला का आरोप है कि पुलिस ने चालक को थाने बुलाकर पूछताछ की। शुरुआत में चालक बैग के बारे में जानकारी होने से इनकार करता रहा। बाद में उसने 20-25 हजार रुपये देने की बात कही। महिला का आरोप है कि दरोगा कृष्ण कुमार ने भी समझौता करने के लिए कहा और 20-25 हजार रुपये दिलाने की बात कही। महिला ने जेवरों की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताते हुए समझौता करने से इनकार कर दिया।
रातभर थाने में रहा चालक, अगले दिन छोड़ने का आरोप
महिला के मुताबिक, समझौता न करने के बाद चालक और ऑटो को थाने में रोक लिया गया। दोनों को रातभर थाने में रखा गया। अगले दिन जब महिला थाने पहुंची तो उसे चालक और ऑटो को छोड़ दिए जाने की जानकारी मिली। महिला का आरोप है कि इसके बाद भी उसके जेवरों के मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
एसएसपी से शिकायत के बाद किला पुलिस ने दर्ज की FIR
थाने से कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए आशा देवी ने 24 सितंबर को एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। महिला ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेवर बरामद कराने की मांग की। एसएसपी के आदेश के बाद किला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब पुलिस मामले की जांच के साथ ऑटो चालक की भूमिका और महिला के लगाए आरोपों की पड़ताल कर रही है।