UP NEWSAI चित्र।

बरेली। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के तहत शहर में चल रहे सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार पर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। कई बार समयसीमा बढ़ाए जाने के बावजूद काम पूरा नहीं होने पर नगर निगम ने एसोसिएट फर्म को दोबारा नोटिस जारी किया है। अब 15 अक्तूबर तक काम पूरा करने की अंतिम समयसीमा तय की गई है। इसके बाद कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

फरवरी तक पूरा होना था 56 करोड़ का प्रोजेक्ट

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि करीब 56 करोड़ रुपये की लागत वाली सीएम ग्रिड परियोजना का काम इस वर्ष फरवरी तक पूरा होना था। निर्धारित समय बीतने के करीब आठ महीने बाद भी काम अधूरा है। निर्माण की रफ्तार लगातार धीमी रहने के कारण फर्म को नोटिस देकर 15 अक्तूबर तक हर हाल में काम पूरा करने को कहा गया है।

निरीक्षण में मिली थी खराब गुणवत्ता, सड़क में मिलीं खामियां

नगर निगम अधिकारियों ने 25 सितंबर को निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया था। इस दौरान बीसी (बिटुमिनस कंक्रीट) के काम की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली। सड़क की सतह ऊंची-नीची पाए जाने के साथ अन्य खामियां भी सामने आई थीं। इसके बाद नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए 26 सितंबर को भी फर्म को नोटिस जारी कराया था।

फिर लापरवाही मिली तो जुर्माना और फर्म डिबार

नगर निगम ने साफ किया है कि अंतिम समयसीमा के बाद भी काम अधूरा रहने या निर्माण में लापरवाही मिलने पर फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों के तहत 10 प्रतिशत तक जुर्माना लगाने के साथ फर्म को डिबार करने की कार्रवाई भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *