बरेली। शहर को साफ-सुथरा रखने वाले सफाई मित्रों की सेहत, सुरक्षा और सम्मान को लेकर नगर निगम ने पहल की है। सेवा संकल्प एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत जीआईसी ऑडिटोरियम में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच कराने के साथ उन्हें PPE किट वितरित की गईं। कार्य के दौरान होने वाले संभावित खतरों से बचाव और सुरक्षा उपकरणों के सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।
शिविर का उद्देश्य सफाई कार्य से जुड़े कर्मचारियों को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सुविधाओं से जोड़ने के साथ कार्यस्थल पर बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में सफाई मित्रों के लिए हेल्थ कैंप लगाया गया। यहां स्वास्थ्य संबंधी जांच के साथ उन्हें स्वस्थ रहने और काम के दौरान जरूरी सावधानियां बरतने की जानकारी दी गई।
PPE किट देकर बताया कैसे रखें खुद को सुरक्षित
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को PPE किट वितरित की गईं। उन्हें बताया गया कि सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल बेहद जरूरी है। PPE किट को पहनने और उसके उचित इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने और जोखिम वाले स्थानों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने पर जोर दिया। शिविर में बहुउद्देशीय स्टॉल भी लगाए गए। इनके माध्यम से सफाई मित्रों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण से संबंधित जानकारियां दी गईं। नगर निगम की ओर से सफाई मित्रों की समस्याओं और जरूरतों को समझने तथा उन्हें जरूरी सुविधाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।
महापौर और नगर आयुक्त ने बढ़ाया सफाई मित्रों का हौसला
कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के साथ पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और नगरवासी मौजूद रहे। सफाई मित्रों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। नगर निगम की ओर से कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षित सफाई मित्र–स्वस्थ समाज–स्वच्छ भारत का संदेश दिया गया। साथ ही सफाई मित्रों के प्रति सम्मान और सुरक्षित वातावरण में काम करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। सफाई मित्र हमारा गौरव, सेवा ही संकल्प और स्वच्छता ही सेवा के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।