बरेली। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर आजाद बुधवार को बरेली पहुंचे। सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला। आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं हुए और जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाकर सांप्रदायिक विवादों में उलझाया जा रहा है।
चंद्रशेखर ने कहा कि प्रदेश में पढ़े-लिखे युवा डिग्रियां लेकर नौकरी के लिए भटक रहे हैं। सरकारी विभागों में पद खाली हैं, जबकि संविदा और ठेकेदारी पर युवाओं से कम वेतन में काम कराया जा रहा है। सरकार को सरकारी भर्तियां करने के साथ उद्योग बढ़ाकर स्थानीय रोजगार पैदा करना चाहिए।
स्कूल-अस्पतालों की बदहाली पर उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं और अस्पतालों में डॉक्टर, स्टाफ, दवाओं व उपकरणों की कमी है। उनकी पार्टी बेहतर और मुफ्त शिक्षा, मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था और रोजगार के सवाल पर लड़ाई जारी रखेगी। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे सवालों से ध्यान हटाने के लिए बुलडोजर, एनकाउंटर और धार्मिक स्थलों के विवादों को आगे किया जा रहा है। चुनाव नजदीक आते ही सांप्रदायिक मुद्दों को हवा दी जाती है। इन आरोपों पर प्रेसवार्ता में सरकार या भाजपा का पक्ष सामने नहीं आया।
मायावती का सम्मान, लेकिन रास्ते अलग
बसपा प्रमुख मायावती से गठबंधन के सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं, लेकिन फिलहाल दोनों दल अपनी-अपनी राजनीतिक लड़ाई लड़ रहे हैं। इंडिया गठबंधन से तालमेल पर भी उन्होंने पत्ते नहीं खोले। कहा कि पार्टी अभी अपना संगठन मजबूत कर रही है और भविष्य की परिस्थितियों के अनुसार फैसला होगा। चंद्रशेखर ने कहा कि आजाद समाज पार्टी कमजोर, वंचित और पीड़ित वर्गों की आवाज उठाती रहेगी। पंचायत सहायक, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, भोजन माता, रोजगार सेवक, पीआरडी जवान, किसान और युवाओं के मुद्दे संसद से सड़क तक उठाए जाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।