UP NEWSगोरा लोकनाथपुर गांव में खपरैल गिरने से हुआ हादसा

बरेली। जिले में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। रविवार तड़के मीरगंज क्षेत्र के गोरा लोकनाथपुर गांव में मकान के बरामदे की खपरैल भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से 65 वर्षीय फूला देवी की मौत हो गई, जबकि सोमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, अलीगंज क्षेत्र के सूदनपुर में लेंटर समेत मकान धराशायी हो गया। नौगंवा अहिरान में भी एक कच्चा मकान बारिश की मार नहीं झेल सका।

शौचालय से लौटते समय सिर पर गिरी खपरैल

मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गोरा लोकनाथपुर निवासी फूला देवी रविवार सुबह करीब पांच बजे शौचालय से लौट रही थीं। इसी दौरान बरामदे की खपरैल अचानक भरभराकर गिर गई। फूला देवी और उनके जेठ का बेटा सोमपाल मलबे की चपेट में आ गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। तब तक फूला देवी की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल सोमपाल को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

बताया गया कि फूला देवी का मकान पक्का है, लेकिन बरामदे पर खपरैल पड़ी हुई थी। लगातार बारिश के कारण खपरैल कमजोर होकर गिर गई। फूला देवी के पति नेक्शु की करीब आठ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह अपने बेटे कांशीराम के साथ रहती थीं। हादसे के समय कांशीराम घर पर मौजूद नहीं था। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

अलीगंज में लेंटर समेत धराशायी हुआ मकान

अलीगंज क्षेत्र के गांव सूदनपुर में भी रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे बारिश के कारण बड़ा हादसा हुआ। नन्हें पुत्र प्यारेलाल राठौर का मकान लेंटर समेत अचानक गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। नन्हें सुबह करीब चार बजे उठकर भैंस को चारा डालने चले गए थे। उनका 30 वर्षीय बेटा राजेश मकान में सो रहा था। लेंटर गिरने के दौरान वह मच्छरदानी समेत पास के तालाब में जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई। मकान के पास खड़ा ट्रैक्टर लेंटर के मलबे में दब गया।

नौगंवा अहिरान में भी कच्चा मकान गिरा

लगातार बारिश का असर नौगंवा अहिरान में भी देखने को मिला। यहां भूरे का कच्चा मकान गिर गया। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *