UP NEWSबेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बरेली

बरेली। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की मनमानी उपस्थिति पर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। करीब एक महीने तक चले विद्यालयों के निरीक्षण में बिना अनुमति गैरहाजिर मिले 117 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारियों को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।

21 अगस्त से 24 सितंबर तक हुए निरीक्षण

बीएसए कार्यालय के अनुसार 21 अगस्त से 24 सितंबर 2026 के बीच जिला, ब्लॉक एवं विभागीय अधिकारियों के साथ जिला समन्वयकों ने विभिन्न परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया था। इस दौरान 117 शिक्षक-कर्मचारी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर अब संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।

तीन कार्यदिवस में देना होगा जवाब

संबंधित शिक्षक-कर्मचारियों को नोटिस अथवा आदेश मिलने के तीन कार्यदिवस के भीतर अपनी अनुपस्थिति का कारण बताना होगा। इसके साथ ही उन्हें अपने दावे के समर्थन में साक्ष्य भी बीएसए कार्यालय में उपलब्ध कराने होंगे।

16 विकासखंडों तक पहुंची कार्रवाई

कार्रवाई के दायरे में आलमपुर जाफराबाद, बहेड़ी, बरेली नगर, भदपुरा, भोजीपुरा, भुता, बिथरी चैनपुर, दमखोदा, फरीदपुर, फतेहगंज पश्चिमी, क्यारा, मझगवां, मीरगंज, नवाबगंज, रामनगर और शेरगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों के शिक्षक-कर्मचारी आए हैं। जारी सूची में सहायक अध्यापक, प्रधानाध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी शामिल हैं।

जवाब नहीं दिया तो होगी अग्रिम कार्रवाई

बीएसए कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में स्पष्टीकरण नहीं देने या जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित शिक्षक-कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भी संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर अपनी संस्तुति के साथ बीएसए कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *