बरेली। बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में शुक्रवार को दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार बारिश और ठंडी पुरवाई ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। बरेली में अधिकतम तापमान में एक ही दिन में 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम के तेवर और शनिवार को भी बारिश की संभावना को देखते हुए बीएसए डॉ. विनीता ने कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया है।
शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश शाम तक रुक-रुककर जारी रही। दिनभर बादल छाए रहने और ठंडी पुरवाई चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। शाम तक 46.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ चली तेज हवा ने कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित किया।
11 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान
लगातार बारिश का सबसे ज्यादा असर तापमान पर दिखाई दिया। न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान में 11 डिग्री की बड़ी गिरावट आई और यह 24 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे दिन में भी मौसम ठंडा बना रहा।
तेज हवा से खेतों में बिछी धान की फसल
बारिश किसानों के लिए चिंता भी लेकर आई है। तेज हवा और लगातार पानी गिरने के कारण कई स्थानों पर तैयार हो रही धान की फसल खेतों में बिछ गई। इससे फसल को नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। मौसम की स्थिति ऐसी ही रही तो कटाई के करीब पहुंच चुकी फसल पर और असर पड़ सकता है।
शनिवार को भी बारिश के आसार
मौसम के बदले मिजाज से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है। शनिवार को भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने एहतियातन कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।