बरेली। सुभाषनगर इलाके में करैली के पास गुरुवार रात चलती ट्रेन से गिरकर 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। सिर और चेहरे पर गहरी चोट लगने से वह खून से लथपथ हो गईं। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी।

मायके जाते समय अचानक बिगड़ा संतुलन

राजेश्वरी पत्नी कमलाचरण गुरुवार रात ट्रेन से अपने मायके जा रही थीं। करैली के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरीं। गिरते ही उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लग गई।

सड़क पर घायल पड़ी महिला को देख मची हलचल

हादसे के बाद महिला को घायल हालत में देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने बिना देर किए 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंच गई।

एंबुलेंस कर्मियों ने मौके पर ही रोक दिया खून

ईएमटी जीशान ने महिला का प्राथमिक उपचार शुरू किया। सिर और चेहरे से बह रहे खून को रोकने के लिए पट्टी बांधी गई। हालत को संभालने के बाद एंबुलेंस पायलट नरेंद्र महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

जिला अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में राजेश्वरी का उपचार चल रहा है। परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है। समय पर एंबुलेंस पहुंचने से महिला को तत्काल इलाज मिल सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *