badaunमृतक का फाइल फोटो।

बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव के पास सड़क किनारे पिकअप से टीन शेड उतारते समय हादसा हो गया। टीन शेड का एक हिस्सा बाइक से गुजर रहे 22 वर्षीय अंकुश की गर्दन में लग गया। इससे बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। अंकुश की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उसके दो साथियों का उपचार चल रहा है।

चंदोई गांव निवासी अंकुश पुत्र प्रेम सिंह संभल जिले के चंदौसी स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। वह अपने चचेरे भाई राकेश (20) और पड़ोसी दिलीप (20) के साथ बाइक से फैक्टरी जा रहा था। अंकुश की रात की ड्यूटी थी। तीनों जाफरपुर गांव के पास पहुंचे तो पूर्व प्रधान के घर के सामने एक पिकअप वाहन से टीन शेड उतारा जा रहा था। इसी दौरान शेड को सड़क की दूसरी ओर किया गया। बताया जा रहा है कि उसका एक हिस्सा अचानक सड़क से गुजर रहे अंकुश की गर्दन से जा टकराया।

गर्दन पर चोट लगते ही बाइक समेत सड़क पर गिरा अंकुश

टीन शेड की जोरदार चोट लगते ही अंकुश बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका। बाइक समेत तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। अंकुश को गंभीर चोट आई, जबकि राकेश और दिलीप भी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। राकेश और दिलीप ने स्थानीय लोगों की मदद से अंकुश को चंदौसी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल राकेश और दिलीप का उपचार कराया जा रहा है।

ड्यूटी पर निकला बेटा नहीं लौटा, गांव में मातम

अंकुश की मौत की खबर जैसे ही चंदोई गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। जिस युवक को परिजनों ने काम पर जाने के लिए घर से विदा किया था, उसकी मौत की खबर मिलने से परिजन बदहवास हो गए। गांव में भी मातम पसर गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि हादसे के संबंध में जानकारी कराई गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *