बरेली। साइबर ठगों ने बरेली में दो अलग-अलग लोगों को निशाना बनाकर करीब चार लाख रुपये साफ कर दिए। इज्जतनगर में बैंक खाते में बनी 11 एफडी अचानक तोड़कर तीन लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए, जबकि किला क्षेत्र में एपीके फाइल डाउनलोड करते ही युवक के खाते से 97 हजार रुपये निकल गए। दोनों मामलों में पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एफडी टूटी तो समझ नहीं आया, उसी दिन तीन लाख रुपये भी निकल गए
इज्जतनगर के गायत्रीपुरी कॉलोनी निवासी संजय कुमार प्रधान ने पुलिस को बताया कि यूको बैंक की एप के जरिए उन्होंने 25-25 हजार रुपये की 11 एफडी कराई थीं। इन सभी एफडी में कुल 2.75 लाख रुपये जमा थे। एफडी की अवधि पूरी होने से पहले ही 9 सितंबर को सभी एफडी अचानक तोड़ दी गईं और ब्याज समेत रकम उनके बचत खाते में डाल दी गई। संजय के मुताबिक उन्हें इसकी जानकारी होने के बाद पता चला कि उसी दिन खाते से ईआरटीजीएस के जरिए करीब तीन लाख रुपये किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। उनका आरोप है कि न तो उन्होंने एफडी तुड़वाई और न ही रकम ट्रांसफर करने की कोई सहमति दी थी। घटना के बाद संजय ने 10 सितंबर को साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की। इसके बाद 18 सितंबर को दोबारा शिकायत दर्ज कराई। अब 22 सितंबर को इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर उन्होंने रकम वापस दिलाने और पैसे पाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एपीके फाइल खोलते ही खाते से उड़ गए 97 हजार
दूसरा मामला किला थाना क्षेत्र का है। जकाती स्ट्रीट निवासी अभिषेक सक्सेना के मुताबिक 11 जुलाई को उन्होंने गलती से एक एपीके फाइल डाउनलोड कर ली। इसके बाद उनके बैंक खाते से 97 हजार रुपये कट गए। खाते से रकम निकलने का मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी का पता चला। अभिषेक ने घटना के बाद साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। रकम वापस कराने की प्रक्रिया के लिए मुकदमा दर्ज कराने की जरूरत बताई गई, जिसके बाद उन्होंने किला थाने में तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में खास बात यह है कि पीड़ितों को खाते से रकम निकलने के बाद ठगी का पता चला। एक मामले में एफडी तोड़कर रकम ट्रांसफर की गई, जबकि दूसरे में एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद खाते से पैसे निकल गए। पुलिस अब दोनों मामलों में रकम ट्रांसफर होने की कड़ियों और संबंधित खातों की जानकारी जुटा रही है।