इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया के बाद 684 युवाओं को रोजगार के लिए चुना

बरेली
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को आयोजित रोजगार मेले ने सैकड़ों युवाओं के लिए नौकरी की राह खोल दी। मेले में टेक्निकल और नॉन टेक्निकल क्षेत्र की 55 कंपनियों ने हिस्सा लिया। कुल 2150 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया के बाद 684 युवाओं को रोजगार के लिए चुना गया। पीलीभीत रोड स्थित राजश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहयोग से एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया। यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से किया गया।
रोजगार मेले का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, ब्लॉक प्रमुख नवाबगंज के प्रतिनिधि और संस्थान के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार और नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्य भी नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने प्रतीकात्मक रूप से 11 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सेवायोजन कार्यालय और राजश्री संस्थान के प्रयासों की सराहना की।

डीएम बोले, लक्ष्य तय करें, मेहनत से मिलेगी सफलता

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अभ्यर्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि सफलता के लिए लगन और लगातार मेहनत जरूरी है। युवा अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरी क्षमता के साथ प्रयास करें। उन्होंने कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों से चयन प्रक्रिया की जानकारी ली और विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया।
डीएम ने बताया कि जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में इस तरह के रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर मिल सकें।

डिग्री के साथ कौशल भी जरूरी

मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते रोजगार बाजार में केवल शैक्षिक योग्यता पर्याप्त नहीं है। छात्र-छात्राओं को उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार अपनी स्किल भी विकसित करनी होगी। सहायक निदेशक सेवायोजन बीवीएस सेंगर ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप विधानसभा क्षेत्रवार रोजगार मेलों का आयोजन आगे भी जारी रहेगा।

जियो, फ्लिपकार्ट और एक्सिस बैंक समेत कई कंपनियां पहुंचीं

मेले में बीएल एग्रो, जस्ट डायल, वाडीलाल, गंगाशील अस्पताल, याजाकी, एकेसी वर्ल्ड, एकेसी मोटर्स, सिद्धि इन्फोटेक, एक्सिस बैंक, फ्लिपकार्ट, बालाजी एक्शन, जेके टायर, मोटोरोला, टीमलीज, रिलायंस जियो, पेटीएम, वोल्टास और पुखराज हेल्थ केयर समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का चयन किया।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण एवं शिक्षुता रामराज यादव, राजकीय आईटीआई सीबीगंज के नोडल प्रधानाचार्य शिव कुमार, प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मदन पाल और राजश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन राजेंद्र कुमार अग्रवाल समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *