bareillyध्वस्तीकरण की कार्रवाई करती टीम।

बरेली। शहर में बिना नक्शा पास कराए प्लॉट काटकर कॉलोनी बसाने वालों पर बीडीए ने बुधवार को बड़ा एक्शन लिया। सुभाषनगर के करेली और कैंट के बुखारा में करीब 9000 वर्गमीटर जमीन पर विकसित की जा रहीं दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया गया। कहीं सड़क और बाउंड्रीवाल तैयार हो रही थी तो कहीं प्लॉट काटने के साथ नाली तक बना दी गई थी।

पहली कार्रवाई सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गांव करेली में हुई। यहां बब्लू पटेल, वीरेश साहू समेत अन्य लोगों की ओर से करीब 3000 वर्गमीटर जमीन पर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जमीन को प्लॉटों में बांटने के लिए निशान लगाने के साथ सड़क और बाउंड्रीवाल बनाने का काम भी शुरू हो चुका था। बीडीए के मुताबिक इस कॉलोनी के लिए प्राधिकरण से जरूरी मंजूरी नहीं ली गई थी। मामला पकड़ में आने के बाद प्रवर्तन टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने कॉलोनी में किए गए अवैध विकास को ध्वस्त करा दिया।

6000 वर्गमीटर में बस रही थी कॉलोनी

दूसरा मामला कैंट थाना क्षेत्र के गांव बुखारा का है। यहां ITBP के सामने करीब 6000 वर्गमीटर जमीन पर बड़ी कॉलोनी विकसित करने की तैयारी चल रही थी। बीडीए के मुताबिक पोषाकी लाल शर्मा उर्फ पंडित जी की ओर से यहां प्लॉटों का चिन्हांकन कराया गया था। बुखारा में मामला सिर्फ जमीन पर प्लॉट काटने तक सीमित नहीं था। कॉलोनी के लिए सड़क और नाली बनाने के साथ बाउंड्रीवाल का काम भी कराया जा रहा था। लेकिन इसके लिए बीडीए से स्वीकृति नहीं ली गई थी। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से अवैध विकास को ध्वस्त करा दिया।

एक दिन में 9000 वर्गमीटर पर बड़ा एक्शन

दोनों जगह हुई कार्रवाई को जोड़ें तो बीडीए ने एक ही दिन में करीब 9000 वर्गमीटर क्षेत्र में चल रही अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की। करेली में 3000 और बुखारा में 6000 वर्गमीटर जमीन पर कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने लोगों को भी सतर्क किया है। किसी कॉलोनी में प्लॉट या मकान खरीदने से पहले यह जरूर जांच लें कि उसका नक्शा और लेआउट प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं। बिना मंजूरी की कॉलोनी में प्लॉट खरीदना बाद में मुश्किल खड़ी कर सकता है और अवैध निर्माण पर बुलडोजर भी चल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *