bareillyजिला अस्पताल में भर्ती अभ्यर्थी।

बरेली। होमगार्ड और अग्निवीर सेना भर्ती की दौड़ बुधवार को पांच युवकों के लिए मुश्किल बन गई। शहर में अलग-अलग स्थानों पर चल रही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान चार अभ्यर्थी दौड़ते-दौड़ते बेहोश होकर गिर पड़े, जबकि एक युवक पैर मुड़ने से घायल हो गया। ग्राउंड पर मौजूद एंबुलेंस और पुलिसकर्मियों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

डोरीलाल स्टेडियम में चल रही होमगार्ड भर्ती की दौड़ में शाहजहांपुर के अल्हागंज कस्बा निवासी 27 वर्षीय आलोक पाल हिस्सा ले रहे थे। बताया गया कि 11वें राउंड के दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ गई और वह मैदान में गिरकर बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें संभाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी 29 वर्षीय संजू भी होमगार्ड भर्ती की दौड़ में शामिल थे। आठवें राउंड में दौड़ते समय अचानक उनका पैर मुड़ गया। इससे वह मैदान पर गिर पड़े और पैर में गंभीर चोट आ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

राउंड पूरा करते ही गिर पड़े रजनीश और दिनेश

शाहजहांपुर के सदर कैंट स्थित डबल स्टोरी निवासी 27 वर्षीय रजनीश कुशवाहा ने दौड़ का राउंड पूरा किया, लेकिन इसके बाद अचानक उनकी हालत बिगड़ गई और वह गिर पड़े। वहीं शाहजहांपुर के मुड़िया खेड़ा निवासी 24 वर्षीय दिनेश भी राउंड पूरे करने के बाद बेहोश हो गए। अत्यधिक पसीना आने और हालत बिगड़ने पर दोनों को ग्राउंड पर तैनात एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।

अग्निवीर बनने से पहले दौड़ में गिरे आदेश

इधर, बरेली के जाट रेजीमेंट सेंटर में चल रही अग्निवीर सेना भर्ती की दौड़ में लखीमपुर खीरी के कमीपुर निवासी 20 वर्षीय आदेश सिंह भी घायल हो गए। बताया गया कि दौड़ पूरी होने से करीब 15 मीटर पहले वह अचानक गिर पड़े। उन्हें भी उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में पांचों युवकों का उपचार किया जा रहा है। इनमें पैर मुड़ने से घायल युवक को अपेक्षाकृत अधिक चोट बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *