बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद नया मोड़ ले लिया है। पति ने पत्नी के लंबे समय से बीमार होने और दवा खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की बात कही थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के परतासपुर गांव निवासी नीरज की पत्नी मनोरमा की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। नीरज के मुताबिक मनोरमा काफी समय से बीमार चल रही थी और उसका उपचार एक झोलाछाप से कराया जा रहा था। मंगलवार को उसे दवा दी गई, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ समय बाद मनोरमा की मौत हो गई। घटना की जानकारी गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिस्थितियों को देखते हुए मौत को संदिग्ध माना और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पलटी कहानी
बुधवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मामला पूरी तरह बदल गया। रिपोर्ट में मनोरमा की मौत का कारण गला दबाना सामने आया है। इससे बीमारी और दवा खाने के बाद मौत होने की शुरुआती कहानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मनोरमा की हत्या किसने, कब और किन परिस्थितियों में की।
एक साल पहले हुई थी शादी, बिहार की रहने वाली थी मनोरमा
बताया गया कि नीरज और मनोरमा की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। मनोरमा मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी। उसके मायके के लोग मेहनत-मजदूरी करते हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने की पुष्टि के बाद पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।