bareillyपोस्टमार्टम हाउस बरेली।

बरेली। मैसी अस्पताल में दो दिन के नवजात की मौत के मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम कड़ी बनेगी। बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चे के मुंह से ऑक्सीजन मास्क हटने के बाद अस्पताल संचालक को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते ध्यान नहीं दिया गया। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

रविवार को जन्म, मंगलवार को चली गई जान

परिजनों के मुताबिक, मुस्कान को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार को मैसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को उन्होंने बेटे को जन्म दिया। पति सचिन गुप्ता का आरोप है कि खुद को डॉक्टर बताने वाले अस्पताल संचालक अली अब्बास ने बच्चे को बीमार बताकर नर्सरी में रखने की बात कही। बच्चे को ऑक्सीजन मास्क लगाकर एक उपकरण में रखा गया था। परिजनों का आरोप है कि बच्चे की निगरानी के लिए वहां कोई प्रशिक्षित स्टाफ मौजूद नहीं था। मंगलवार को बच्चे के मुंह से ऑक्सीजन मास्क हट गया। बच्चे को छटपटाते देखकर उन्होंने अली अब्बास को जानकारी दी, लेकिन वह तत्काल नहीं आया। कुछ देर बाद जब वह पहुंचा, तब तक नवजात की मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी आगे की जांच

नवजात की मौत के बाद बुधवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि बच्चे की निगरानी के पर्याप्त इंतजाम होते और ऑक्सीजन मास्क हटने की सूचना पर तत्काल ध्यान दिया जाता तो स्थिति अलग हो सकती थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नवजात की मृत्यु के चिकित्सकीय कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसके निष्कर्ष और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

अस्पताल में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ न मिलने का दावा

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल की जांच की थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पहुंचे डॉ. रवि कुमार के अनुसार, निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिला। इसके बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। एसीएमओ डॉ. लईक के मुताबिक अस्पताल के पंजीकरण, चिकित्सकों की उपलब्धता और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। अली अब्बास के नाम के आगे लिखे जाने वाले एमडी को लेकर भी सवाल उठे। पूछताछ में उसने कथित तौर पर एमडी का अर्थ मैनेजिंग डायरेक्टर बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *