bareillyबैठक में मौजूद मेयर उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार।

बरेली। शहर में गुरुवार से सफाई, सड़क, स्वास्थ्य और जनसहभागिता को लेकर एक महीने का बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत शहर के चौराहों से लेकर गलियों, स्कूलों, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों तक गतिविधियां होंगी। बुधवार को मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने पार्षदों के साथ बैठक कर अभियान की कार्ययोजना पर चर्चा की। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।

अभियान का आगाज बुधवार 17 सितंबर को सामूहिक सफाई और श्रमदान से होगा। नगर निगम की टीमों के साथ जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को भी सफाई से जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े लाभार्थियों को भी अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसी के साथ स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान भी रफ्तार पकड़ेगा।

चौराहों पर सेवा कलश, लिया जाएगा विकसित भारत का संकल्प

शहर के प्रमुख चौराहों की पहले सफाई और सूरत बदलने का काम होगा। इसके बाद यहां सेवा ज्योति कलश स्थापित किए जाएंगे। इन स्थानों पर लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ा जाएगा। चौराहों और दूसरे प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर डिजिटल बोर्ड के जरिये पूरे अभियान की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। वहीं अभियान सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं रहेगा। 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक स्कूलों में मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रकला और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बच्चों को यह बताने और चित्रों में उतारने का मौका मिलेगा कि वे भविष्य के भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं।

0
बैठक में मौजूद पार्षद।

रील्स बताएंगी, सरकारी योजनाओं से कैसे बदली जिंदगी

प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों समेत विभिन्न योजनाओं से लाभ पाने वालों की कहानियां अब सोशल मीडिया पर भी दिखाई जाएंगी। लाभार्थियों की एक से दो मिनट की रील तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जाएगी। पूरे अभियान की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी। अलग-अलग इलाकों में विशेष शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। पात्र लोगों को आयुष्मान भारत समेत दूसरी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की तैयारी है। अधिकारी वृद्धाश्रम, अनाथालय और सीनियर केयर सेंटरों का भी दौरा कर वहां की व्यवस्थाएं देखेंगे। रैन बसेरों और सीनियर केयर सेंटरों में साइबर ठगी से बचाव के लिए जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे।

नवरात्रि से पहले सड़कों के गड्ढों पर भी चलेगा अभियान

शहरवासियों के लिए सबसे अहम निर्देश सड़कों को लेकर है। नवरात्रि से पहले शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। यानी सेवा संकल्प के दौरान सफाई के साथ खराब सड़कों की मरम्मत भी नगर निगम की प्राथमिकताओं में रहेगी। अभियान के दौरान पौधरोपण भी बड़े स्तर पर कराया जाएगा। नवरात्रि और आगामी त्योहारों को देखते हुए धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई होगी। लोगों को प्लास्टिक का इस्तेमाल छोड़ने के लिए जागरूक किया जाएगा। प्राकृतिक वस्तुओं से रंगोली बनाने के कार्यक्रम होंगे। प्रमुख स्मारकों, स्कूल-कॉलेजों, अस्पतालों और घाटों पर दीपक जलाने और सजावट की भी योजना है। बाजारों में व्यापार मंडलों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

शहर की सीमा पर नहीं रुकेगी सफाई, तीन किमी बाहर तक बनेगा प्लान

अभियान की खास बात यह है कि सफाई नगर निकाय की सीमा पर खत्म नहीं होगी। नगर निगम अपनी सीमा से तीन किलोमीटर बाहर तक संबंधित विभागों के साथ तालमेल कर सफाई की व्यवस्था करेगा। इसके लिए ग्राम विकास और पंचायती राज विभाग का सहयोग लिया जाएगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर विशेष कार्यक्रम और प्रार्थना सभाएं होंगी। स्वयं सहायता समूह, व्यापार मंडल, सामाजिक संगठन और मोहल्ला समितियों को भी पूरे अभियान में सक्रिय रूप से शामिल करने की तैयारी है।

मेयर-पार्षदों की बैठक में तय हुई जिम्मेदारी, एक महीने होगी निगरानी

बुधवार की बैठक में मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने पार्षदों के साथ अलग-अलग गतिविधियों और उनकी तैयारियों पर चर्चा की। अभियान की निगरानी के लिए जिला और निकाय स्तर पर नोडल अधिकारी बनाए जाएंगे। नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को अभियान के दौरान अपने क्षेत्र में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करनी होगी। 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में हर गतिविधि का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *