बरेली। फैक्ट्री लगाने के नाम पर किसानों से जमीन का सौदा कराने और लाखों रुपये हड़पने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे भोजीपुरा पुलिस के हवाले किया गया। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

गाजियाबाद के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में हुई थी मुलाकात

पुलिस पूछताछ में पन्नालाल कश्यप ने बताया कि करीब दो साल पहले गिरोह के कथित सरगना और मसीहाबाद के पूर्व प्रधान महिपाल सिंह यादव ने जमीन के सौदों में अच्छा लाभ दिलाने का लालच देकर उसे अपने साथ जोड़ा था। इसके बाद गाजियाबाद के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में गिरोह के अन्य सदस्यों से उसकी मुलाकात कराई गई।
पन्नालाल ने पुलिस को बताया कि उसने बीटेक और एलएलबी की पढ़ाई की है। वह पूर्व में दर्जा राज्यमंत्री रह चुका है और वर्तमान में भी राजनीति में सक्रिय है। उसका दावा है कि वह महिपाल की बातों में आकर इस मामले में फंस गया। भोजीपुरा इंस्पेक्टर कबी सिंह ने उससे विस्तृत पूछताछ की।

बड़ी कंपनियों का अधिकारी बनकर किसानों को फंसाता था गिरोह

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना मीरगंज क्षेत्र के गांव मसीहाबाद का पूर्व प्रधान महिपाल सिंह यादव है, जो पहले जेल जा चुका है। वह खुद को नोएडा, लखनऊ और दिल्ली की बड़ी कंपनियों एवं फैक्ट्रियों का प्रबंधक बताकर किसानों से संपर्क करता था। गिरोह के सदस्य किसानों की जमीन पर फैक्ट्री लगवाने और करोड़ों रुपये में सौदा कराने का भरोसा देते थे। जमीन पसंद किए जाने का नाटक करने के बाद किसानों को कंपनी मालिक से मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया जाता था। इसके बाद कमीशन और अन्य खर्चों के नाम पर लाखों रुपये लेकर आरोपी गायब हो जाते थे। पुलिस का आरोप है कि भरोसा जमाने के लिए गिरोह के सदस्य महंगी गाड़ियों, प्रभावशाली संपर्कों और सियासी रसूख का प्रदर्शन करते थे।

25 लाख की ठगी में सात आरोपी नामजद

रामपुर के शाहबाद स्थित मोहल्ला अफगानान निवासी साईम खान ने आठ अगस्त 2023 को भोजीपुरा थाने में जमीन की सौदेबाजी के नाम पर 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में घंघोरा पिपरिया निवासी सतेंद्र यादव उर्फ लालू, मसीहाबाद निवासी महिपाल सिंह यादव, उसके भाई राजवीर, बहादुर सिंह, परौरा निवासी अनुभव बेनीवाल, साहिबाबाद निवासी परवेज अली और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पन्नालाल कश्यप को नामजद किया गया था।

दूसरे किसान से 29 लाख रुपये हड़पने का आरोप

दूसरा मुकदमा बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र स्थित मलिकपुर निवासी अनिल कुमार सिंह ने दर्ज कराया था। आरोप है कि जमीन की सौदेबाजी के बहाने उनसे 29 लाख रुपये की ठगी की गई। इस मामले में अभयपुर केसोपुर निवासी अधिवक्ता देव सिंह राना, उसके बेटे हितेंद्र राना, महिपाल सिंह यादव, राजवीर सिंह, बहादुर सिंह, अनुभव बेनीवाल, परवेज अली और पन्नालाल कश्यप को आरोपी बनाया गया। दोनों मुकदमों में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मेरठ से गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब पुलिस गिरोह के आर्थिक लेनदेन, अन्य जमीन सौदों और संभावित पीड़ितों का पता लगा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *